कांधला। थाना क्षेत्र में लावारिस कुत्तों ने चार लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। सभी घायलों ने कस्बा एलम स्थित पीएचसी पहुंचकर एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाए गए।
क्षेत्र में लावारिस कुत्तों और बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन किसी न किसी पर हमला कर उन्हें घायल किया जा रहा है। शुक्रवार को लावारिस कुत्तों ने गांव कनियान निवासी दीपक, एलम निवासी शोयब, विजय और किरण पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए।
घायलों को परिजनों ने एलम स्थित पीएचसी पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया और एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाए गए। कस्बा निवासी राहुल, अमित, देवेंद्र कुमार, सतवीर पंवार, सोनू, कर्मवीर सिंह आदि का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर पंचायत और तहसील दिवस में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने जिलाधिकारी से लावारिस कुत्तों और बंदरों की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।