थानाभवन सरकारी अस्पताल का निरीक्षण करते मण्डलायुक्त एवी राजमौलि
- फोटो : SHAMLI
थानाभवन/जलालाबाद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानाभवन का निरीक्षण करने पहुंचे मंडलायुक्त सहारनपुर एवी राजमौलि को चिकित्सा अधीक्षक और इमरजेंसी डॉक्टर नदारद मिले। उन्होंने चिकित्सालय परिसर में साफ-सफाई, दवाई, टीकाकरण की जानकारी ली। जलालाबाद नगर पंचायत में भवन कर वसूली में तेजी के निर्देश दिए।
शनिवार सुबह दस बजे मंडलायुक्त एवी राजमौलि जलालाबाद नगर पंचायत में पहुंचे। उन्होंने मूवमेंट रजिस्टर तैयार करने व भवन कर की वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। संपत्ति की दाखिल खारिज को जारी किए गए नोटिस व्यवस्था की प्रशंसा की। ईओ विजय आनंद ने बताया कि एक तिहाई भवन कर अब तक वसूल किया जा चुका है। मंडलायुक्त ने भवन कर वसूली में तेजी के निर्देश दिए। डंपिंग ग्राउंड के लिए खरीदी भूमि का दाखिल-खारिज नहीं हुआ इसलिए कूड़ा मार्ग के किनारे पर डाला जा रहा है।
मंडलायुक्त ने सफाई के लिए क्षेत्र में गए कर्मचारियों से मोबाइल से उनकी लोकेशन व कार्य करने की जानकारी ली। इस दौरान एसडीएम संदीप कुमार, अमित सक्सेना, थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा, चौकी प्रभारी सचिन पुनिया मौजूद रहे। साढ़े दस बजे मंडलायुक्त सीएचसी थानाभवन पहुंचे। वहां सीएचसी प्रभारी डॉ. कांति प्रसाद व इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. दिग्विजय सिंह ड्यूटी पर नहीं मिले। मंडलायुक्त ने दोनों की अनुपस्थिति दर्ज की। थानाभवन थाने में अपराध रजिस्टर एवं थाना दिवस में आने वाली शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
फोन कर की टीकाकरण की पुष्टि
थानाभवन। सीएचसी में मंडलायुक्त ने टीकाकरण रजिस्टर में दर्ज फोन नंबर पर सपना से बात की और टीकाकरण की जानकारी ली। इसके अलावा फोजिया के पति से भी फोन पर बात कर टीकाकरण होने के बारे में पूछा। दोनों ने बताया कि उनका टीकाकरण हो चुका है।