कांधला: बागपत के थाना रमाला गांव किरठल निवासी एक व्यक्ति ने कस्बे की महिला चिकित्सक पर बिना उसकी मर्जी के पत्नी का गर्भपात करने का आरोप लगाया है। पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जनपद बागपत के थाना रमाला के गांव किरठल निवासी प्रदीप चौहान ने शनिवार को थाने पर तहरीर देकर बताया कि 16 जनवरी को उसकी पत्नी को पेट दर्द हो गया था। उसे कांधला की एक प्राईवेट चिकित्सक के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि महिला चिकित्सक ने उसकी पत्नी का चार माह का गर्भपात कर दिया। जब उसकी पत्नी की हालत बिगड़ गई तो महिला चिकित्सक ने उसकी पत्नी को रेफर कर दिया। पीड़ित ने अपनी पत्नी का मेरठ के निजी अस्पताल में उपचार कराया। इलाज पर उसके आठ लाख रुपये खर्च हुए। किसी तरह उसकी पत्नी की जान बच पाई। पीड़ित ने महिला चिकित्सक पर बिना मर्जी के गर्भपात करने और इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष रोजंत त्यागी ने बताया कि मामले में जांच कर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।