कोरोना संक्रमण से बचाव और रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए पुलिस-प्रशासन ने नई पहल की है। इसके तहत अधिकारियों ने अपील को रिकार्ड कर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से जनता तक पहुंचाकर जागरूक किया जा रहा है।
जनपद में कोरोना संक्रमण के केस लगातार बढ़ रहे है। इसे लेकर पुलिस-प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ रही है। कोरोना संक्रमण से बचाव और रोकथाम के लिए जनता को जागरूक करने को एक नई पहल की गई है।
इसके तहत डीएम जसजीत कौर, एसपी विनीत जायवाल, सीएमओ डा. संजय भटनागर और जनप्रतिनिधियों द्वारा रिकार्ड की गई अपील को मुख्य चौराहों, बाजारों, धार्मिक स्थलों के आसपास पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लोगों केे जागरूक किया जा रहा है। अधिकारियों ने अपील की है कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बरती जाने वाली सावधानियों पर अमल कर उन्हें दैनिक दिनचर्या में शामिल करें और अपने परिजनों को इस संक्रमण से बचाएं।
बेवजह घरों से बाहर ना निकले , बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ न लगाएं। आपस में एक दूसरे से दो गज की दूरी बनाकर रखें और समय-समय पर हाथों को साबुन या सैनिटाइजर से साफ करते रहें।
सार्वजनिक स्थानों पर मास्क/फेस कवर अनिवार्य रूप से लगाकर रखें। साथ ही अपील में यह भी बताया जा रहा है कि कोरोना संक्रमण महामारी की कोई दवा नहीं है, लेकिन इसके संक्रमण से बचाव के लिए सावधानियां बरतकर इसके प्रकोप से बचा जा सकता है।