शामली। ऊन चीनी मिल विवाद सुलझाने के लिए डीएम सुजीत कुमार सोमवार को कलक्ट्रेट में आंदोलनकारी किसानों के प्रतिनिधिमडल से वार्ता करेंगे। इस वार्ता में निर्णायक कदम उठाया जा सकता है। डीएम की वार्ता के आधार पर ही किसान आगामी रणनीति का ऐलान करेंगे।
बता दें कि ऊन चीनी मिल पर पिछले साल के बकाये गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर 55 दिन से किसानों का बेमियादी धरना चला आ रहा है। इस साल का चीनी मिलों का पेराई सत्र दो नवंबर से शुरू हो चुका है। लेकन इस मिल का सत्र शुरू नहीं हो पा रहा है। किसान चीनी मिल से 53 करोड़ रुपये के भुगतान की मांग कर रहे है।
धरना देने वाले किसान उत्तर प्रदेश के गन्ना मंत्री नरेंद्र वर्मा से मिलकर पूरा मामला अवगत करा चुके हैं। इस पेराई सत्र के लिए गन्ना मूल्य घोषित किया जा चुका है। गन्ना मूल्य घोषित किए जाने के बाद डीएम शामली सुजीत कुमार, जिला गन्ना अधिकारी डाक्टर अनिल भारती ऊन चीनी मिल चलाने के लिए नोटिस दे चुके हैं। रविवार को डीएम सुजीत कुमार ने बताया कि ऊन चीनी मिल के संबंध में विवाद सुलझाने के लिए आंदोलनकारी किसानों के प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए सोमवार को कलक्ट्रेट में बुलाया है।
उन्होंने कहा कि किसानों से वार्ता करके चीनी मिल से बकाया गन्ना भुगतान दिलाने का काम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चीनी मिल किसानों को दस करोड़ रुपये का भुगतान अभी देने को तैयार है। उन्होंने बताया कि इस मामले में इलाहाबाद ऊच्च न्यायालय में सुनवाई 29 नवंबर को होनी है। इन सबके चलते वार्ता से समस्या दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। डीसीओ डाक्टर अनिल भारती ने बताया कि सोमवार को किसानों का रुख सामने आने पर ही मिल में पेराई सत्र शुरू होने की संभावनाएं होंगी।
लंबे इंतजार बाद प्रबंध तंत्र को आई सुध
ऊन। सुपीरियर फूड प्राईवेट लिमिटेड शुगर फैक्ट्री पर बकाया गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर किसानों का धरना 56 वें दिन भी जारी रहा। उधर, लंबे इंतजार बाद प्रबंध तंत्र को सुध आई।
रविवार को प्रबंधन ने शुगर मिल पहुंचकर अधिकारियों से लंबी मंत्रणा की। उम्मीद की जा रही है कि सोमवार तक सकारात्मक निर्णय सामने आएगा। ऊन शुगर मिल पर 56 दिन से किसान धरना दे रहे हैं। किसानों का स्पष्ट कहना है कि बकाया भुगतान लिए बगैर धरना समाप्त नहीं होगा। किसानों के आंदोलन की वजह से ऊन शुगर मिल में गन्ना पेराई भी शुरू नहीं हो सका है।
रविवार को ऊन शुगर मिल के मैनेजिंग डायरेक्टर राणा इंद्र प्रताप सिंह तथा अन्य पदाधिकारियों ने शुगर मिल पहुंचकर यूनिट हेड जीएस खेरा तथा अन्य अधिकारियों से वार्ता की। उधर, शुगर मिल परिसर में धरने पर बैठे किसान इंतजार करते रहे कि मिल प्रबंधन उनसे भी बातचीत करेगा। लेकिन प्रबंधन सिर्फ अधिकारियों से ही वार्ता करता रहा। रविवार को धरने पर राजवीर सिंह, कपिल कुमार, राजकुमार, नरेश, जोगेंद्र, ब्रह्म सिंह आदि मौजूद रहे।