लक्ष्य पूरा न होने पर डीएम ने जताई नाराजगी
शामली। डीएम जसजीत कौर ने प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि (स्वनिधि) योजना में दिए गए लक्ष्य के सापेक्ष प्रभावी कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि योजना की समीक्षा की गई। उन्होंने योजना में दिए गए लक्ष्य के सापेक्ष प्रभावी कार्रवाई न होने के चलते कड़ी नाराजगी प्रकट की। कहा कि यह योजना मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में हैद्घ इसलिए जो लक्ष्य दिया गया है, उसे पूरा कर लिया जाए। लक्ष्य पूरा करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में पीओ डूडा प्रदीप कुमार ने प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि योजना के संबंध में जानकारी दी। योजना के के तहत शहरी पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं उनके द्वारा अपना कार्य फिर से पुन: प्रारंभ करने हेतु भारत सरकार द्वारा वित्त पोषित केंद्रीय क्षेत्र की योजना है, जिसके द्वारा पात्र पथ विक्रेताओं को 10 हजार रुपये की कार्यशील पूंजी ब्याज अनुदान आधारित आसान ऋण पर उपलब्ध कराई जाएगी, जो कि नियमित धन वापसी आधारित है। योजना के तहत शासन द्वारा जनपद को 10158 लाभार्थियों का पंजीकरण का लक्ष्य दिया गया। बैठक के दौरान सभी निकायों के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि योजना में अधिक से अधिक पंजीकरण कराते हुए अपनी भौतिक प्रगति बढ़ाते हुए योजना का अधिक से अधिक लाभ दिया जाए। डीएम ने संबंधित अधिशासी अधिकारियों को साफ सफाई हेतु निर्देश दिए। अमृत योजना के तहत किए जा रहे कार्यों को लेकर भी संबंधित से जानकारी प्राप्त करके आवश्यक निर्देश दिए। मौके पर एडीएम अरविंद कुमार सिंह, पीओ डूडा, प्रदीप कांत, सहित समस्त अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।