शामली। मेरठ-करनाल राष्ट्रीय राजमार्ग के टपराना जंक्शन पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए एनएचएआई को सुधारात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने पिछले छह माह से सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में एनएचएआई के पीडी के अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। साथ ही टपराना जंक्शन पर दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए कड़ी चेतावनी देते हुए सुधारात्मक कार्य कराने को कहा।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आलोक यादव की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में ई-रिक्शा में क्षमता से अधिक स्कूली बच्चों को बैठाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने और विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम कराने के निर्देश एआरटीओ को दिए गए। डीएम ने गुड समैरिटन योजना का प्रचार-प्रसार टोल प्लाजा पर भी कराने को कहा।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट ईंधन नहीं देने और वैध प्रदूषण प्रमाणपत्र (पीयूसीसी) के बिना ईंधन नहीं देने के नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने को भी कहा गया।
बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व सत्येंद्र सिंह, एएसपी सुमित शुक्ला, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजकुमार, एआरटीओ प्रवेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।