मतदान कर्मचारियों के बीच मची आपाधापी
शामली/ कैराना। तीसरे चरण में सोमवार को होने वाले पंचायत चुनाव के लिए मतदान से एक दिन पहले पोलिंग पार्टियों के स्थलों पर आए मतदान कर्मचारियों ने कोविड-19 के नियमों का पालन नहीं किया। ऐसी ही आपाधापी मचने के कारण कोरोना संक्रमण बढ़ने से लोगों की जिंदगी सांसत में है। कैराना कस्बे के पब्लिक इंटर कॉलेज से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। इस दौरान पोलिंग पार्टियों के कर्मचारियों ने अपने-अपने बैलेट पेपर व मतपेटियों को लेने के प्रयास में सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाई गई।
सोमवार को जनपद शामली सहित 20 जिलों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदान होगा। रविवार को कैराना ब्लॉक क्षेत्र की पोलिंग पार्टी को नगर के पब्लिक इंटर कॉलेज से रवाना किया गया। जहां से 243 पोलिंग पार्टियां रवाना की गई। कैराना ब्लॉक की 42 ग्राम पंचायतों पर चुनाव कराए जाएंगे। 42 ग्राम पंचायतों के 90 मतदान केंद्रों पर 243 बूथ बनाए गए हैं, जहां पर करीब एक लाख 38 हजार 461 मतदाता अपने मत का उपयोग करेंगे।
ब्लॉक की 42 ग्राम पंचायतों के चुनाव के लिए मतदाताओं को ग्राम प्रधान ग्राम, पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य व जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चार चार बैलेट पेपरों के सेट दिए गए। मतदान सोमवार सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक संपन्न कराया जाएगा। बीएलओ की ड्यूटी के लिए केवल दो ही टेबल लगाने के कारण कर्मचारियों की कतार लग गई। वहां पर बिना लाइन के बीएलओ की इतनी भीड़ लगी थी कि जमकर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाई गई। कर्मचारी एक दूसरे के ऊपर आपाधापी करते नजर आए। इस अव्यवस्था से कोरोना संक्रमण फैलने की आशंका बनी हुई है। कर्मचारी विवेक कुमार ने बताया कि कॉलेज में केवल दो ही टेबल लगाई गई। एक स्थान पर काफी भीड़ इकट्ठा हो गई। इस अवसर पर कॉलेज में सीडीओ शंभूनाथ तिवारी, एसडीएम उदभव त्रिपाठी, सीओ जितेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे। यही हाल शामली के बिग्रेडियर होशियार सिह इंटर कालेज में बनाए गए पोलिग पार्टियां के स्थल था। पंडाल में पोलिग पार्टियों से खचाखच भरा था।
कर्मचारियों की गई जांच
कैराना। पब्लिक इंटर कॉलेज में सुबह से ही कॉलेज के गेट पर आशाओं व एनएम की ड्यूटी लगाई गई थी। कालेज में चुनाव ड्यूटी पर आने वाले सभी कर्मचारियों के तापमान की जांच तथा हैंड सैनिटाइजर के बाद ही उन्हें अंदर जाने दिया जा रहा था।
शाम चार 4 बजे तक सभी पोलिंग पार्टियां हुई रवाना
कैराना। रविवार को शाम चार बजे तक कैराना ब्लाक के सभी 243 बूथों के लिए जगदीश प्रसाद महाविद्यालय के ग्राउंड से पोलिंग पार्टियां बसों के द्वारा रवाना कर दी गई। सोमवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा।