शामली। दस माह के लंबे समय के बाद जिला पंचायत बोर्ड की बैठक शनिवार दोपहर दो बजे जिला पंचायत के सभागार में होगी। बैठक में जिला पंचायत बोर्ड 24-25 के आठ पारित प्रस्तावों की पुष्टि की जाएगी। इनके अलावा अन्य प्रस्तावों पर भी विचार विमर्श किया जाएगा।
भाजपा के साथ रालोद के गठबंधन के बाद पहली जिला पंचायत बोर्ड की बैठक हो रही है, जिसको लेकर रालोद के जिला पंचायत सदस्य भी बोर्ड बैठक की निगाहें लगाए बैठे हैं। जिला पंचायत बोर्ड में अध्यक्ष पद पर मधु गुर्जर काबिज हैं। गत 23 दिसंबर को जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में जिला पंचायत की वार्षिक कार्ययोजना 2024-25 के प्रस्ताव पारित किए गए थे। लोकसभा चुनाव के बाद बोर्ड बैठक नहीं हो पाई थी।
लोकसभा चुनाव से पहले रालोद का भाजपा के साथ गठबंधन हो गया था। लोकसभा चुनाव के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष के भाजपा के पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी और रालोद सदर विधायक प्रसन्न चौधरी खेमे में जाने के बाद खेमाबंदी हो गई थी। मामला डीएम से लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचा था। भाजपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह को जिला पंचायत अध्यक्ष को अपने पक्ष में लाने के लिए ऐडी से लेकर चोटी तक का जोर लगाना पड़ा। गत तीन नवंबर को नाटकीय ढंग से जिला पंंचायत अध्यक्ष भाजपा एमएलसी के खेमे में पहुंच गई। अब जिला पंचायत बोर्ड बैठक 16 नवंबर को होनी तय की गई। सभी जिला पंचायत सदस्यों को बोर्ड बैठक का एजेंडा जारी कर दिया गया। बैठक में हंगामा होने के भी आसार है।
बैठक में इन पर होगा विचार विमर्श
शामली। जिला पंचायत बोर्ड की ओर से जारी एजेंडे में गत 23 दिसंबर 2023 को जिला पंचायत की वर्ष 2024-25 की कार्ययोजना के पारित प्रस्तावों की पुष्टि होगी। जिला पंचायत विकास योजना में संशोधन पर विचार होगा। एजेंडे के मुताबिक दो से लेकर 31 अक्तूबर और जनवरी 2025 के मध्य वित्तीय वर्ष 2025-26 की कार्ययोजना के प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। पंचायत राज के प्रमुख सचिव की मासिक समीक्षा बैठक में सभी भवनों में सोलर पावर प्लांट की स्थापना कर भवनाें का शत प्रतिशत सोलराइजेशन कार्य कराए जाने पर विचार होगा। जिला पंचायत अध्यक्ष की ओर सभी भवनों में सोलर पावर प्लांट की स्थापना की स्वीकृति दी गई है। विधायक अशरफ अली, प्रसन्न चौधरी के सड़को के आठ प्रस्तावों पर विचार विमर्श किया जाएगा।