शामली। बनत के जंगल में 80 एकड़ भूमि में जिला कारागार का निर्माण होगा। जिला प्रशासन ने लंबी जद्दोजहद के बाद भूमि चयनित कर ली है। बनत में जिला कारागार की भूमि का प्रस्ताव डीएम शामली के माध्यम से महानिदेशक कारागार लखनऊ को भेजा गया है।
शामली जिला बनने के बाद जिलाकारागार के लिए भूमि की तलाश शुरू होगई थी। वर्ष 2015 में भैंसवाल गांव में जिला कारागार के लिए भूमि का चयनित करके जिला प्रशासन द्वारा भेजा गया था। लेकिन शासन में भैंसवाल की भूमि को अस्वीकृत करते हुए जिला प्रशासन को दूसरे स्थान पर जिला कारागार के लिए भूमि तलाश करने के लिए निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन ने बनत और कुड़ाना गांव के जंगल में जिला कारागार के लिए भूमि की तलाश की। बनत द्वितीय क्षेत्र के जंगल में जिला प्रशासन ने भूमि तलाश करके शासन को रिपोर्ट भेजी गई। गृह विभाग के आला अफसरों के निर्देश पर 25 मार्च को डीआईजी कारागार अखिलेश कुमार सिंह शामली जिला मुख्यालय पर आकर डीएम जसजीत कौर व एसपी सुकीर्ति माधव के साथ बनत द्वितीय के जंगल में 80 एकड़ भूमि का स्थलीय निरीक्षण कर चुके हैं। जिला कारागार के लिए बनत द्वितीय क्षेत्र की 80 एकड़ भूमि को उपयुक्त पाया गया था। मुजफ्फरनगर जिला कारागार अधीक्षक अरुण कुमार सक्सेना ने बताया कि बनत द्धितीय क्षेत्र के जंगल में जिला कारागार की भूमि का प्रस्ताव बनाकर महानिदेशक कारागार लखनऊ को भेज दिया गया है। एडीएम वित्त अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि बनत में जिला कारागार की भूमि का चयनित करके शासन को भेज दिया गया है। जिला कारागार की भूमि का चयन समिति द्वारा कर लिया गया है।