चिकन, मटन से दूरी, शाकाहार पर जोर
शामली/थानाभवन/ जलालाबाद। कोरोना वायरस के चलते क्षेत्र में चिकन, मटन सहित सभी तरह के मीट के दामों में भारी गिरावट आई है। लोगों ने मीट छोड़ शाकाहार पर जोर देना शुरू कर दिया है। उधर, नगर पंचायत ने रविवार को मीटिंग लेते हुए सभी मीट रेस्टोरेंट संचालकों को कुछ दिनों के लिए रेस्टोरेंट बंद करने के निर्देश भी जारी कर दिए हैं।
कस्बे के मीट रेस्टोरेंट संचालक राव सालिम ने बताया कि सामान्य दिनों में चिकन के दाम 150 से 160 रुपये किलो बिक रहा था। लेकिन, कोरोना वायरस के सक्रिय होने के बाद चिकन के दाम घटकर 50 से 60 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं। मटन के दाम पहले 380 रुपये किलो चल रहा था, लेकिन अब मटन के दाम में भी सौ रुपये किलो तक की गिरावट आ गई है। अब मटन 280 रुपये किलो बिक रहा है। उधर, कोरोना वायरस के कारण कैराना और सहारनपुर के प्लांट बंद कर दिए गए हैं। कोरोना वायरस का असर अंडे पर भी काफी पड़ा है। जो अंडा पहले थोक में साढ़े चार रुपये प्रति पीस बिक रहा था, उसके दाम अब दो से ढाई रुपये पीस तक पहुंच गया है। दुकानों पर इनकी बिक्री भी 90 फीसदी तक घट गई है।
चिकन प्वाइंट बंद करने के आदेश
रविवार शाम को कस्बे के मीट रेस्टोरेंट संचालकों की नगर पंचायत सभागार में मीटिंग आयोजित की गई। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्षा रफत प्रवीन ने निर्देश दिए कि जब तक कोरोना वायरस पर देश में काबू न पाया जाए, तब तक सभी संचालक अपने प्रतिष्ठानों को बंद रखे।