शामली। शहर के नेहरू मार्केट में विवादित जमीन पर कब्जे को लेकर हंगामा हो गया। व्यापारी ने मिस्त्री लगाकर चारदीवारी कराई, तो पालिकाकर्मी ने मौके पर पहुंचकर विरोध किया। देर रात तक निर्माण कार्य चलता रहा।
जमीन को लेकर बर्तन व्यापारी अरुण कुमार और पालिका परिषद शामली के बीच नेहरू मार्केट में स्थित करीब 50 वर्ग गज जमीन का विवाद चल रहा है। मामला न्यायालय में भी चला, जिसमें निचली अदालत से पालिका हार गई। शुक्रवार रात करीब आठ बजे व्यापारी ने उक्त जमीन पर भवन निर्माण शुरू करा दिया।
इसकी सूचना पर नगर पालिका से लिपिक अनिल बाबू तथा अन्य लोग मौके पर पहुंचे और निर्माण को लेकर विरोध जताया। इस पर व्यापारी और समर्थकों ने हंगामा कर दिया। मामले से अधिशासी अधिकारी अमिता वरुण को अवगत कराया गया। कुछ देर हंगामा होने के बाद दोनों पालिका कर्मी मौके से चले गए, जिसके बाद निर्माण कार्य बदस्तूर चलता रहा। उक्त जमीन की कीमत लाखों बताई जा रही है।