कैराना में एटीएस के सक्रिय होने की चर्चा
कैराना (शामली)। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में भीड़ को उकसाने के आरोप में पकड़े गए पीएफआई के कथित चार सदस्यों की खुफिया विभाग ने कोतवाली पहुंचकर जानकारी जुटाई। उधर, क्षेत्र में एटीएस के सक्रिय होने और पीएफआई के एक सदस्य को पकड़कर ले जाने की चर्चा चलती रही। हालांकि अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध के चलते गत वर्ष 20 दिसंबर को जुमे की नमाज के बाद ईदगाह के मैदान में भीड़ ने विरोध प्रदर्शन किया था। पुलिस ने गत वर्ष 22 दिसंबर को तीन नामजद सहित 700 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। इसके अगले ही दिन पुलिस ने भीड़ को उकसाने के आरोप में पीएफआई के कथित सदस्य राजस्थान के कोटा निवासी मोहम्मद फैसल सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उनके पास से 257 भड़काऊ पोस्टर मिलने और मोबाइल में आपित्तजनक मेसेज होना बताया था। जांच में उनके उनके मोबाइल से असम के लोगों को संदिग्ध नंबर भी होना बताया था। बृहस्पतिवार को खुफिया विभाग की टीम ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए पीएफआई के कथित चारों सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई। उधर, क्षेत्र में चर्चा है कि दो दिन पहले भी एटीएस ने पीएफआई के एक सदस्य को पकड़ा है। कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने बताया कि खुफिया विभाग ने पीएफआई के पकड़े गए कथित सदस्यों के बारे में जानकारी ली है, जबकि एटीएस की किसी भी कार्रवाई की जानकारी से अनभिज्ञता जताई। एसपी विनीत जायसवाल ने कहा कि एटीएस के जनपद में एक-दो दिन में आने या किसी को पकड़कर ले जाने का मामला उनकी जानकारी में नहीं है।