पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों से ठंड कम होने का नाम नहीं ले रही है। दिन में अच्छी धूप से निकल रही है, लेकिन बर्फीली हवा चलने से मौसम में ठिठुरन बरकरार है। बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जनवरी की शुरूआत से ही मौसम का मिजाज पल पल बदल रहा है। सुबह के समय हल्का कोहरा तो दिन में बादल छाए रहने ठंड लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। मंगलवार रात पाला पड़ने के कारण बुधवार सुबह कोहरा तो नहीं, मगर ठंडी हवाओं ने लोगों को परेशान रखा। सुबह धूप निकलने के बावजूद 19 किमी बर्फीली हवा चलने से मौसम में ठिठुरन बरकरार रही है। शीतलहर के कारण बाजारों में भी सन्नाटा पसरा है। ठंड के कारण लोग सिर्फ जरूरत के सामान के लिए ही बाजार जा रहे है। दिन के तापमान में दो डिग्री बढ़ोतरी के बाद 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री गिरावट के बाद छह डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बृहस्पतिवार, शुक्रवार, शनिवार, रविवार को आकाश में बादल छाए रहने और धूप निकलने से मौसम मिश्रित रहेगा। अगले सप्ताह सोमवार को मौसम साफ रहने और धूप निकलने से बदलाव आएगा। उधर, चिकित्सकों ने सर्दी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।