दिन में पछुआ हवा और लू के थपेड़े चलने से जनजीवन प्रभावित हो गया। शाम को आकाश में बादल छाने से मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवाओं के साथ थोड़ी देेर के लिए रिमझिम बारिश से गरमी से झुलसते लोगों को कुछ लोगों को राहत मिली। मौसम बिगड़ जाने से किसानों की चिताएं बढ़ने लगी है। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 41डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले एक सप्ताह से लगातार भीषण गर्मी और पछुआ हवाओं के चलने से लोग का हाल बेहाल रहा। मंगलवार को सुबह भीषण गर्मी और दिन में पछुआ हवा और लू चलने से लोगों की दुश्वारियां और बढ़ गई। दोपहर बाद 14 किमी प्रति घंटे की हवाएं चलने से लोगों की मुसीबतों में और इजाफा हो गया। शहर के मुख्यमार्गों पर बाइक सवार युवक और युवतियां सिर पर कपड़ा रखकर निकली और भीषण गर्मी से बचाव किया। तेज हवाओं के चलने से जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। शाम के पांच बजे के बाद आकाश में बादल छा गए। तेज हवाओं के साथ थोड़ी देर के लिए हल्की बूंदाबांदी होने से मौसम ठंडा रहा। दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सरदार बल्लभ भाई पटेल कृषि विश्व विद्यालय के मृदा विभाग के अध्यक्ष डाक्टर अशोक कुमार अहलुवालिया ने बताया कि मौसम में बदलाव आने के बाद आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अचानक मौसम में बदलाव के बाद आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी।
गेहूं की कटाई और थ्रेसिंग कार्य प्रभावित हुआ
जिला कृषि अधिकारी डाक्टर हरिशंकर चौधरी ने बताया कि तेज हवाओं और बूंदाबांदी से गेहूं की कटाई और थ्रेसिंग कार्य प्रभावित हुआ है। थ्रेसिंग के दौरान हवा चलने से भूसा जरूर उड़ा है।