डीआईजी डा. एके राघव
- फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर। देशभर में चर्चा का केंद्र बन चुके कैराना पलायन प्रकरण में डीआईजी डा. एके राघव ने कैराना में कानून व्यवस्था की बिगड़ी हालत से साफ इनकार किया। उनका कहना है कि जब पिछले दो-तीन साल में किसी तरह की वारदात ही नहीं हुई तो कानून व्यवस्था को बिगड़ा हुआ कहा जाना ठीक नहीं है।
कैराना मामले में पुलिस पर उठ रहे सवाल पर अमर उजाला से अनौपचारिक बातचीत में डीआईजी का कहना है कि पुलिस अपना काम मुस्तैदी से कर रही है। ऐसे में कानून व्यवस्था की समस्या का कोई मामला आता ही नहीं है। जब दो साल में कोई घटना या वारदात नहीं हुई तो कानून व्यवस्था को कौन बिगड़ा हुआ मानता है।
पुलिस को वहां एक डंडा भी नहीं चलाना पड़ा और न ही किसी तरह का तनाव ही हुआ। उनका कहना है कि दो साल पहले दो व्यापारियों की हत्या कैराना में हुई थी। पुलिस ने इस वारदात के बाद मुस्तैदी से काम कर बदमाशों को सलाखों के पीछे पहुंचाया था।
उन्होंने बताया कि पुलिस के ही भरोसे पर दोनों व्यापारियों का परिवार अब भी कैराना में रह रहा है। कैराना में सक्रिय एक गैंग के 25 बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उस पूरे गैंग की कमर तोड़ने के लिए बदमाशों को यहां से दूर पूर्वांचल की जेलों में शिफ्ट किया गया।
वहां आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसी जा चुकी है।