शामली। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर जिले में तीसरे दिन भी संविदा कर्मियों की हड़ताल रही। सीएमओ कार्यालय पर संविदा कर्मचारियों ने धरना दिया। हड़ताल के कारण 12 बूथों पर कोरोनारोधी टीकाकरण नहीं हो सका। टीबी की जांच भी बंद रही। एडीएम संतोष कुमार सिंह ने धरनास्थल पर पहुंचकर संविदा कर्मियों को समझाकर हड़ताल खत्म करने को कहा, लेकिन संविदाकर्मी मांगें पूरी होने तक हड़ताल खत्म न करने पर अड़े रहे।
एनएचएम संविदा कर्मचारी सात सूत्रीय मांगों को लेकर बुधवार से हड़ताल पर हैं। शुक्रवार को तीसरे दिन भी हड़ताल जारी रही। उन्होंने सीएमओ कार्यालय पर पहुंचकर धरना दिया। उन्होंने विनियमितीकरण, समायोजन व असृजित पदों का विभाग में सृजन करने, वेतन पॉलिसी तय करने व वेतन विसंगति दूर करने, सातवें वेतन आयोग का लाभ देने, रिक्त पदों पर गैर जनपद स्थानांतरण आदि मांगों को पूरा होने तक हड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी। हड़ताल की वजह से कोरोनारोधी टीकाकरण प्रभावित हुआ और टीबी की जांच भी बंद रही।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का दावा है कि 76 बूथों में 13 बूथों पर टीकाकरण नहीं हो पाया। टीकाकरण में नियमित एएनएम लगाई गई थी। सपा के वरिष्ठ नेता सुधीर पंवार ने धरना स्थल पर पहुंचकर संविदाकर्मियों की समस्याओं और उनकी जानकारी ली।
उन्होंने संविदाकर्मियों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि वे लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को उनकी मांगों से अवगत कराएंगे। एडीएम संतोष कुमार सिंह धरनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने संविदा कर्मियों को समझाते हुए हड़ताल खत्म करने को कहा, लेकिन संविदाकर्मी मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रखे जाने पर अड़े रहे।
संविदा कर्मियों ने कहा कि उनकी हड़ताल प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर शुरू की गई है। प्रांतीय नेतृत्व के अनुसार ही हड़ताल खत्म करने पर निर्णय लिया जाएगा। कर्मचारी संघ के प्रवक्ता शबी आजम ने बताया कि संविदा कर्मियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही।
प्रांतीय नेतृत्व के जो भी दिशा-निर्देश प्राप्त होंगे। उसी के अनुसार हड़ताल के बारे में निर्णय लिया जाएगा। मौके पर बबली, अंजू मलिक, अन्नू चौधरी, गुलिस्ता, रूपन, रविता, मीनू, शिवांगी, मानसी, सीमा शर्मा, रीतू, अंजलि, डॉ. मीनाक्षी, अनिल, गीता यादव, संयोगिता, पिंकी, राखी, प्रीति, सुदेश, रीना मौजूद रहे।