ऊन। बकाया भुगतान की मांग को लेकर किसानों का मिल गेट पर 29वें दिन भी धरना जारी रहा। रविवार को एसडीएम के द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद मिल अधिकारियों से हुई वार्ता विफल रही। जिसके बाद किसानों ने धरना जारी रखने की बात कही।
धरने पर बैठे किसानों को एसडीएम ने सोमवार को अधिकारियों से वार्ता कर गन्ना भुगतान की समस्या को हल करने के लिए राजी किया था। जिस पर सोमवार को एसडीएम विजय प्रकाश तिवारी तहसीलदार कर्म सिंह व नायब तहसीलदार जनेश्वर प्रसाद मिल के गन्ना महा प्रबंधक पीएन सिंह को लेकर मिल में पहुंचे तथा किसानों से वार्ता की।
किसानों ने साफ कह दिया कि वार्ता नहीं भुगतान चाहिए। जिस पर एसडीएम ने मिल अधिकारियों से वार्ता कर किसानों से बताया कि मिल तत्काल किसानों को मात्र ढाई करोड़ रुपये और बाकी का बकाया भुगतान मिल चलने के एक माह बाद दे देगा। जिस पर किसानों ने साफ मना कर दिया। साथ ही किसानों ने मिल को गन्ना भी ना देने का फरमान जारी कर दिया। किसानों ने एसडीएम से मिल मालिकों और मिल के अधिकारियों की गिरफ्तारी की मांग की। जब तक मिल के द्वारा क्षेत्र के किसानों का पूर्ण भुगतान नहीं किया, जाएगा धरना जारी रहेगा।
मौके पर राजबीर उन, संजीव पिंडोरा, नीटू उन, भाष्कर चौधरी, प्रदीप पूर्व चेयरमैन, वेदपाल चिकारा, कपिल पिंडोरा, सुनील प्रधान, रवि सिरोही, प्रमोद नौनांगली आदि मौजूद रहे।