शामली धीमान पुरा फाटक पर जाम में फंसे वाहन । संवाद
शामली। शहर के धीमानपुरा रोड पर बृहस्पतिवार को एक बार फिर जाम की स्थिति बन गई। दिल्ली से सहारनपुर जाने वाली ट्रेन के गुजरने के दौरान रेलवे क्रॉसिंग बंद होने और खुलने के बाद वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे धीमानपुरा रोड से लेकर मिल रोड तक जाम रहा।
जाम के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और लोगों को काफी देर तक सड़क पर फंसे रहना पड़ा।
दरअसल, ट्रेन आने के समय रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के बाद जैसे ही फाटक खुलता है, वाहन चालक एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में लग जाते हैं। इसी अव्यवस्था के चलते आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है। लोगों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। धीमानपुरा रोड के दुकानदार मुकेश कुमार और बलबीर ने बताया कि जाम के कारण ग्राहकों का आना भी कम हो जाता है, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान कराने की मांग की है, ताकि लोगों को जाम की परेशानी से राहत मिल सके।