कैराना। नवरात्र के अवसर पर सिद्ध पीठ बाबा बनखंडी महादेव मंदिर में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के पांचवे दिन 1008 श्री विश्व विद्यानंद महाराज के शिष्य ब्रह्मा स्वरूपानंद ने भक्तों को भगवान श्री कृष्ण की बाल लीला का वर्णन किया। बाल लीलाओं को सुनकर श्रद्धालु भाव विभोर हो गए।
शुक्रवार को आयोजित कथा में उन्होंने कहा कि कृष्ण के पैदा होने के बाद कंस नन्हे श्रीकृष्ण को मौत के घाट उतारने के लिए अपनी राज्य की सर्वाधिक बलवान राक्षस पूतना को भेजता है। पूतना वेष बदलकर भगवान श्री कृष्ण को अपने स्तन से जहरीला दूध पिलाने का प्रयास करती है। लेकिन भगवान श्री कृष्ण उसको मौत के घाट उतार देते है। उन्होंने बताया कि पृथ्वी ने गाय का रूप धारण करके श्रीकृष्ण को पुकारा तब श्रीकृष्ण पृथ्वी पर आए। इसलिए वह मिट्टी में नहाते, खेलते और खाते हैं ताकि पृथ्वी का उद्धार कर सके। गोपियों ने जाकर यशोदामाता से शिकायत कर कहा ’मां तेरे लाला ने माटी खाई है यशोदामाता हाथ में छड़ी लेकर दौड़ी आयीं। ‘अच्छा खोल मुख।’ माता के ऐसा कहने पर श्रीकृष्ण ने अपना मुख खोल दिया। श्रीकृष्ण के मुख खोलते ही यशोदा ने देखा कि मुख में चर-अचर संपूर्ण जगत विद्यमान है। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष पंडित स्वराज शर्मा, अनिल मित्तल, अशोक कुमार, रमेश गर्ग, अंकुर भारद्वाज, विकास, मनोज आदि मौजूद रहे।