शामली। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिकता मंत्रालय के राज्यमंत्री एवं हरियाणा से सांसद कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा का एजेंडा विकास है। यूपी में परिवर्तन लाकर गुंडाराज और भ्रष्टाचार का खात्मा करना है, यही उद्देश्य परिवर्तन यात्रा का है।
सोमवार को बनत के निकट सेंट आरसी हायर एजूकेशन इंस्टीट्यूट में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि 15 साल से यूपी में बसपा और सपा का कुशासन रहा। गुंडागर्दी बढ़ती गई, भ्रष्टाचार हावी रहा। भाजपा ने प्रदेश में परिवर्तन लाने के लिए चार स्थानों से यात्रा शुरू की।
केंद्रीय जल संसाधन राज्यमंत्री सांसद डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि सपा और बसपा ने मिलकर उप्र को लूटने का काम किया है। भाजपा प्रदेश में सुशासन और स्वराज स्थापित करेगी। परिवर्तन यात्रा को जनता का अपार सहयोग मिल रहा है, जो चुनाव में बदलाव लाएगा।
इस दौरान भाजपा नेता देवेंद्र चौधरी, डॉ. भूपेंद्र चौधरी, अशोक नागर, संजय, जिलाध्यक्ष पवन तरार, व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा, विमल शर्मा, रामजीलाल, प्रसन्न चौधरी, अमित पंवार, हरवीर मलिक, डॉ. मनोज चौधरी, सूर्यवीर, प्रियंवदा तोमर, आलोक, मोहित आदि मौजूद रहे।
वहीं, एक सवाल के जवाब में बालियान ने कहा कि धान खरीद केंद्र खुलवाना प्रदेश सरकार का काम है। यूपी के किसानों को धान बेचने के लिए हरियाणा जाना बेहद कष्टदायक है। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर शामली और आसपास के जिलों में धान तथा गेहूं की मंडी खुलवाई जाएंगी साथ ही किसानों को फसलों का वाजिब दाम दिलाया जाएगा।