भारतीय वायुसेना के जांबाज सैनिकों ने पाकिस्तान की सीमा में घुसकर आतंकवादियों के ठिकानों को नष्ट कर पुलवामा हमले का बदला लिया है। इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पुलवामा हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के जवान प्रदीप कुमार की पत्नी और बेटे ने कहा कि आतंकवाद और आतंकवादियों का खात्मा होने तक कार्रवाई जारी रहनी चाहिए। शहीद प्रदीप के परिवार के सदस्यों ने कहा कि आतंकवादियों को मार गिराने के सबूत केंद्र सरकार सामने लाए, यही शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
शहीद प्रदीप कुमार की पत्नी शर्मिष्ठा ने कहा कि उन्हें भारतीय वायुसेना द्वारा पाकिस्तान की सीमा में घुसकर आतंकवादियों के ठिकानों को नष्ट करने की जानकारी मिली है। भारत की इस कार्रवाई में आतंकवादियों का कितना नुकसान हुआ है, यह बात अभी सामने नहीं आई है। पुलवामा हमले की घटना सबने देखी है। देश के जवान किस तरह शहीद हुए हैं यह सबके सामने हैं। वह चाहती हैं हमले में भारत के जितने जवान शहीद हुए है, उससे भी कहीं अधिक नुकसान पाकिस्तान का होना चाहिए। वह भारतीय जवानों के साथ हैं। केंद्र सरकार ने आतंकवादियों के खिलाफ जो कार्रवाई की है, उसकी वे सराहना करती हैं।
शहीद प्रदीप के बड़े बेटे सिद्धार्थ ने कहा कि जब तक आतंकवाद खत्म नहीं होगा, तब तक स्ट्राइक करने का कोई मतलब नहीं। भारतीय वायुसेना के हमले में पाक के ठिकानों पर हुए आतंकी हमले के नुकसान के बारे में लोगों को बताना चाहिए, तभी संतुष्ट मिलेगी। शहीद प्रदीप के पिता जगदीश प्रजापति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उन्हें पूरा भरोसा है कि आतंकवादियों के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगे। पाकिस्तान की सीमा में घुसकर भारतीय सैनिकों ने हमला कर अच्छी कार्रवाई की है, लेकिन हमले से पाकिस्तान को और आतंकवादियों को कितना नुकसान हुआ, उसका भी पता चलना चाहिए, तभी उन्हें संतुष्टि मिलेगी। वे चाहते हैं कि आतंकवाद पूरी तरह से खत्म होने तक सरकार अपनी कार्रवाई जारी रखे।
केंद्र सरकार की कार्रवाई से संतुष्ट हैं शहीद अमित के परिजन
शामली के मोहल्ला रेलपार निवासी शहीद अमित कोरी के पिता सोहनपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवादियों के खिलाफ जो कदम उठाया है, उससे वे संतुष्ट है। वे चाहते हैं कि दहशतगर्दों के ठिकाने पूरी तरह खत्म होने चाहिए। पाकिस्तान की सीमा में घुसकर आतंकवादियों के ठिकानों पर हमले की जो कार्रवाई हुई है, उससे सेना का मनोबल भी बढ़ेगा। आतंकवाद खत्म होने तक सरकार को इस तरह की कार्रवाई जारी रखनी चाहिए। शहीद अमित की मां उर्मिला देवी ने कहा कि पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर भारतीय हमले से वे संतुष्ट है। केंद्र सरकार और भारतीय सैनिकों ने यह अच्छा काम किया है। सरकार और भी कड़ी कार्रवाई करें। आतंकवादियों को पूरी तरह से खत्म किया जाए, ताकि आगे से पुलवामा हमले जैसी घटना न हो। शहीद अमित के बड़े भाई प्रमोद ने कहा कि पुलवामा हमले के 13 दिन बाद सरकार ने आतंकी ठिकानों पर हमला करने की कार्रवाई की है, उससे वे संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और कश्मीर दोनों जगह से आतंकवाद खत्म होने तक सरकार निरंतर कार्रवाई जारी रखे। कश्मीर से धारा 370 और 35ए हटाई जानी चाहिए। इन्हीं की वजह से आतंकवाद को बढ़ावा मिल रहा है।