जिले में डेंगू की दस्तक, किशोरी में हुई पुष्टि
शामली। जिले में डेंगू ने दस्तक दे दी है। गांव बंतीखेड़ा में 14 वर्षीय बालिका के बुखार की जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। इस साल का यह पहला केस सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग ने गांव में शिविर लगाकर बुखार के 14 मरीजाें के रक्त सैंपल लिए और 153 रोगियों को दवा का वितरण किया गया।
10 सितंबर को थानाभवन ब्लाक के गांव बंतीखेड़ा निवासी 14 वर्षीय किशोरी को बुखार होने पर परिजन सीएचसी में उपचार कराने पहुंचे थे। किशोरी को डेंगू के लक्षण होने पर किशोरी का रक्त सैंपल लेकर जांच के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय मुजफ्फरनगर भेजा गया था। जांच रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि होने पर शुक्रवार को जिला मलेरिया अधिकारी की टीम गांव में पहुंची। गांव में शिविर लगाकर टीम ने बुखार रोगियों की जांच की।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विनय कुमार ने बताया कि शिविर में 153 रोगियों को दवा का वितरण किया गया। बुखार के 14 रोगियों के रक्त सैंपल लिए गए और 11 रोगियों की रक्त पट्टिकाएं बनाई गई। डेंगू पॉजिटिव किशोरी के घर के आसपास एंटीलार्वा कीटनाशक का छिड़काव कराया गया। इस दौरान ग्रामीणों को डेंगू के लक्षण व बचाव की जानकारी देकर जागरूक किया। उन्हें बताया गया कि तेज बुखार होने पर पैरासीटामोल की गोली ले सकते हैं या ठंडे पानी से शरीर को पोंछे। कूलर, फूल के गमले, फ्रिज की ट्रे सप्ताह में दो बार साफ करें। उन्होंने कहा एस्पिरिन या स्टीरोएड आदि दवाओं का प्रयोग न करें। मच्छरदानी का अवश्य प्रयोग करें।
डेंगू के लक्षण:
- तेज सिर दर्द होना
- आंखों के पीछे दर्द बुखार होना।
- मांस पेशियों व जोड़ों में दर्द होना।
- जी मिचलाना व उल्टी होना।
- गंभीर मामलों में नाक, मुंह व मसूड़ों से खून आना।
- खाल के नीचे लाल रंग के छोटे धब्बे आना या पेशाब में खून आना।