सहकारी समिति हसनपुर लुहारी पर खाद न मिलने से नाराज किसान प्रदर्शन करते हुए
शामली, जलालाबाद। तीन दिन से खाद न मिलने से नाराज किसानों का मंगलवार की शाम सहकारी समिति पर गुस्सा फूट पड़ा। किसानों ने जमकर प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि उन्हें जल्द खाद उपलब्ध नहीं कराया तो समिति में धरना देंगे।
मंगलवार सुबह क्षेत्र के गांव हसनपुर लुहारी के दर्जनों किसान खाद लेने के लिए सहकारी समिति पर पहुंचे। किसानों को सुबह से लेकर शाम हो गई लेकिन समिति के अधिकारियों ने खाद उपलब्ध नहीं कराया। इस संबंध में जब किसानों ने समिति के अधिकारियों को शिकायत की तो बताया गया कि खाद गोदाम का इंचार्ज वसूली पर गया है। उसके वापस आने के बाद ही किसानों को खाद दिया जाएगा। कहा गया कि गोदाम इंचार्ज के आने में देरी होती है तो खाद नहीं मिलेगा।
इस पर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। किसानों का आरोप है कि वह तीन दिन से समिति के चक्कर काट रहे हैं। लेकिन उन्हें खाद उपलब्ध नहीं कराया जा रहा। इस दौरान समिति के अधिकारियों ने मुश्किल किसानों को समझा-बुझाकर शांत किया। प्रदर्शन करने वाले किसानों में रामपाल, जनेश्वर सैनी, धीर सिंह, अक्षय सैनी, अक्षित कुमार सहित कई किसान शामिल रहे।