शामली। गो माता को राष्ट्रीय पशु व राष्ट्र माता घोषित करने समेत गो संरक्षण के लिए कड़े कानून बनाने की मांग को लेकर सोमवार को शामली में अलग-अलग संगठनों द्वारा दो ज्ञापन सौंपे गए। दोनों ही ज्ञापन सदर एसडीएम निधि भारद्वाज के माध्यम से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम भेजे गए।
गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को भेजे ज्ञापन में मांग की कि अहिंसक वेदलक्षणा गोमाता को राष्ट्रीय पशु घोषित कर पूर्ण सुरक्षा और राष्ट्रीय सम्मान दिया जाए। साथ ही गो पालन प्रोत्साहन मंत्रालय की स्थापना की जाए।
हिंदू सुरक्षा सेवा संघ ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने समेत पांच सूत्रीय मांगें रखीं। इसमें गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गोशालाओं के लिए विशेष योजना, गो आधारित योग व चिकित्सा को बढ़ावा और विद्यालयों में गौ सुरक्षा से जुड़े पाठ्यक्रम लागू करने की मांग शामिल है। इस दौरान दीपक सेनी, राहुल सेनी, मुकेश कुमार, लालचंद सेनी, अर्चना सेनी, अनूप खेतान, स्वाति वर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।