शामली मंडी बिक्री के लिए आया गुड ।
शामली। सर्दी के मौसम में गुड़ और शक्कर की मांग बढ़ गई है। शामली मंडी से 400 से 500 क्विंटल गुड़ प्रतिदिन पंजाब, राजस्थान और हरियाणा राज्य में जा रहा है।
शामली में बने गुड़ और शक्कर की पंजाब के लुधियाना, जालंधर, मलेरकोटला, राजस्थान के कोटपुतली, अजमेर, जयपुर और बीकानेर तथा हरियाणा में अच्छी खासी मांग है। शामली मंडी व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेश सिंघल ने बताया कि शामली का गुड़ बिहार में मुरमुरे में मिलाकर लड्डू बनाने में और पंजाब, हरियाणा तथा राजस्थान में सर्दी के मौसम में गुड़ और तिल मिलाकर गजक और रेवड़ी बनाने में प्रयोग होता है।
यहां के गुड़ की क्वालिटी अच्छी होने के कारण मांग अधिक है। मंडी के प्रमुख व्यापारी राजीव सिंघल, खांडसारी इकाई के संचालक केपी सिंह का कहना है कि शामली में बना गुड़ मिठाई के रूप में टुकड़ों में पीस कर डिब्बों में पैक करके पड़ोसी राज्यों और दिल्ली तक भेजा जा रहा है। उनका कहना है कि वर्तमान में शामली का गुड़ 4000 रुपये से 4200 रुपये प्रति क्विंटल और शक्कर 4200–4500 रुपये प्रति क्विंटल में बिक रहा है।
शामली मंडी के व्यापारी राजीव सिंघल के अनुसार पिछले एक माह से कोहरा आदि होने के कारण मंडी में गुड़ की आवक घट गई है। अब बाहर के ऑर्डर पूरे करने भी मुश्किल हो रहे हैं।