शहर के मुख्य मार्ग स्थित साड़ी की दुकान पर साड़ी देखती महिलाएं। संवाद
शामली। हरियाली तीज की तैयारी को लेकर महिलाएं खरीदारी में जुट गई हैं। बाजारों में कपड़ों, चूड़ियों, कॉस्ट्यूम ज्वेलरी, मेहंदी, बिंदी, साड़ियों की दुकानों पर सबसे अधिक रौनक है।
दुकानदारों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों की तुलना में बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी हुई है और आने वाले दिनों में भी भीड़ बढ़ने की उम्मीद है।
शहर के बड़ा बाजार, नया बाजार, कबाड़ी बाजार में हल्के हरे, पिस्ता ग्रीन, पैरट ग्रीन और फ्लोरल प्रिंट वाली साड़ियां व सूट महिलाओं को खासा आकर्षित कर रहे हैं। इसके अलावा ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी, पर्ल सेट, रंग-बिरंगी चूड़ियां, स्टोन वर्क वाली बिंदियां और डिजाइनर मेहंदी कोन की मांग भी बढ़ी है। युवतियों में इंडो-वेस्टर्न कुर्तियां और कॉटन को-ऑर्ड सेट भी पसंद किए जा रहे हैं। कपड़ा व्यापारी अमित गर्ग ने बताया कि सावन शुरू होते ही महिलाओं की खरीदारी बढ़ गई है। इस बार कॉटन सूट, फ्लोरल प्रिंट और ग्रीन थीम वाले परिधानों की सबसे ज्यादा मांग है। कबाड़ी बाजार के श्रृंगार सामग्री विक्रेता राजेश ने बताया कि ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी, हरी चूड़ियां, मेहंदी की बिक्री सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ी है।
खरीदारी करने बहावड़ी गांव निवासी रेखा ने बताया कि उन्होंने अपने लिए नई साड़ी, चूड़ियां और पूजा का सामान खरीदा है। बाजार में इस बार काफी अच्छे डिजाइन उपलब्ध हैं। बड़ा बाजार पहुंचीं पूजा ने कहा कि तीज और रक्षाबंधन के लिए एक साथ खरीदारी कर रही हैं। इस बार हल्के रंगों के सूट और ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी का चलन अधिक है।