शामली। भाजपा नेता के खिलाफ धमकी देने के आरोप में दर्ज हुई रिपोर्ट के मामले में नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों ने सीओ से मिलकर प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की।
शहर कोतवाली में तीन दिन पहले बर्तन व्यापारी हजारी लाल की तरफ से भाजपा के जिला उपाध्यक्ष घनश्याम पारचा के खिलाफ धमकी देने और तीन लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में नगरपालिका के सफाई कर्मचारी सीओ सिटी श्याम सिंह से मिले। उन्होंने सीओ को दिए ज्ञापन में कहा कि घनश्याम पारचा उनके समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं। शहर कोतवाली में बर्तन व्यापारी हजारी लाल ने साजिश के तहत घनश्याम पारचा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने सीओ सिटी से इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। सीओ सिटी ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर देवेंद्र कुमार, अश्वनी, प्रदीप मायूस, दिनेश गहलोत आदि मौजूद रहे।