हादसों में मारे गए लोगों के आश्रितों को सहायता की मांग
शामली। सदर विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने शनिवार शाम लखनऊ में एक बार फिर मुख्यमंत्री से मुलाकात की। विभिन्न हादसों में मारे गए लोगों के आश्रितों को आर्थिक सहायता देने के साथ ही अजय पाठक परिवार हत्याकांड की जल्द सुनवाई कराने के प्रयास करने और किसानों का गन्ना मूल्य भुगतान भी शीघ्र दिलाने की मांग की।
विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने बताया कि शामली के कस्बा कांधला स्थित पटाखा फैक्टरी में 31 जनवरी 2020 को विस्फोट हो जाने के कारण चार लोगों की मृत्यु हो गई थी। 18 मई 2020 को यमुना नदी में डूबने के कारण कैराना निवासी मोहित कश्यप पुत्र जनेश्वर कश्यप, अमन कश्यप पुत्र कन्हैया कश्यप व खुशहाल पुत्र तालिब तीन बच्चों की मृत्यु हो गई थी। इससे अलग गांव लांक निवासी धर्मपाल का पुत्र अजय यूपी पुलिस में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत था। शाहजहांपुर से स्थानांतरण होने के कारण मुरादाबाद बाईपास पर सड़क दुर्घटना में अजय, उसके पुत्र और पत्नी की भी मृत्यु हो गई थी। अजय कुमार अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। ग्राम मेहरमपुर निवासी सत्येंद्र कुमार पुत्र बलबीर की किडनी का ट्रांसप्लांट होना है और परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आश्रित परिवार को आर्थिक मुआवजे का आदेश जारी करने की मांग की। साथ ही शामली में हुए अजय पाठक परिवार के चौहरे हत्याकांड की भी जल्द सुनवाई कराने के प्रयास करने और क्षेत्र के किसानों का गन्ने का भुगतान जल्द कराने की मांग की।