शामली। त्योहारों के पंचोत्सव के बाद लोगों की सेहत पर त्योहार के पकवानों का असर दिखाई देने लगा है। अधिक मिठाई, तली-भुनी चीजें और पकवान खाने से लोग पेट संबंधी समस्याओं की चपेट में आ रहे हैं।
जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना पेट दर्द, उल्टी-दस्त, गैस और कमजोरी की शिकायत लेकर 50 से 60 मरीज पहुंच रहे हैं। वहीं, मधुमेह के मरीजों में अधिक मिठाई खाने के कारण शुगर बढ़ने की शिकायत भी सामने आ रही है।
त्योहार के दौरान लोगों ने खानपान में जमकर लापरवाही बरती। घरों में बने पकवानों के साथ बाजारों से मिठाइयां और अन्य खाद्य पदार्थ भी खूब खाए गए। कई दिनों तक लगातार अधिक मात्रा में मिठाई और चिकनाई युक्त भोजन करने से अब लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां होने लगी हैं। जिला अस्पताल में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ी है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों में पेट दर्द, उल्टी-दस्त और कमजोरी की शिकायतें देखने को मिल रही हैं।
मधुमेह के मरीज बरतें विशेष सावधानी
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. मनोज ने बताया कि त्योहारों के दौरान अधिक मिठाई और तली-भुनी चीजें खाने से शरीर पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। मधुमेह के मरीजों में अधिक मीठा खाने से शुगर का स्तर बढ़ने का खतरा रहता है। ऐसे मरीज खानपान में विशेष सावधानी बरतें और नियमित रूप से शुगर की जांच कराते रहें।
सेहत ठीक रखने के लिए अपनाएं ये उपाय
मिठाई और अधिक चीनी वाले खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित करें।
तली-भुनी और अधिक चिकनाई वाली चीजों से परहेज करें।
बासी और खुले में रखे खाद्य पदार्थ न खाएं।
पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी पीएं।
हल्का और सुपाच्य भोजन करें।
भोजन के बाद नियमित रूप से टहलने की आदत डालें।
मधुमेह के मरीज समय पर दवाएं लें और शुगर की जांच कराते रहें।