शामली। दिल्ली- देहरादून हाईवे फरवरी माह तक भी बनकर तैयार नहीं हो पाएगा। शामली जिले में भाजू से लेकर बागपत जिले के लोहड्डा गांव तक एक्सप्रेसवे में चौड़ीकरण और उपरिगामी पुलों के गोलचक्कर का कार्य अधूरा पड़ा है। बरसात से पहले किसी भी हालात में एक्सप्रेसवे का कार्य पूरा होना संभव नहीं है।
हाईवे दिल्ली के अक्षरधाम से शुरू होकर बागपत जिले के मवीकलां से अग्रवाल मंडी टटीरी, लोहड्डा से मुजफ्फरनगर जिले के राजपुर छाजपुर, लिसाढ, लांक से होते हुए बुटराड़ा, गोगवान जलालपुर, ख्यावड़ी होते हुए सहारनपुर बाईपास से होकर देहरादून तक जाएगा। दिल्ली-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड राज्यों को जोड़ने वाले हाईवे पर पिछले दो साल में प्रथम- तीसरा और चौथा फेस का सड़क निर्माण का कार्य पूरा हुआ है।
एक्सप्रेसवे का भाजू में उपरिगामी पुल, लांक-करौदा हाथी, लिसाढ़, राजपुर-छाजपुर, गांगनौली, सूजती से लेकर लोहड्डा गांव तक मिट्टी कार्य पूरा हो पाया है। उपरिगामी पुल और हाईवे का सड़क निर्माण कार्य अधूरा है। शामली जिले में बुटराड़ा मेरठ-करनाल को जोड़ने वाले एक्सप्रेसवे का करौदाहाथी-लांक और ख्यावड़ी, गोलचक्कर का कार्य अधूरा पड़ा है। फेस तीन में भाजू में इंटरचेंज की मांग को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने कार्य रुकवा रखा है।
दूसरी ओर कैराना-खतौली मार्ग को जोड़ने वाले दिल्ली-देहरादून हाईवे पर उपरिगामी पुल का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। राजपुर छाजपुर में उपरिगामी पुल और गांव के दोनों ओर हाईवे पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य अधूरा है।
n दो माह पूर्व लिया था जायजा : दो माह पूर्व राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण नई दिल्ली के चेयरमैन संतोष कुमार यादव ने दिल्ली से लेकर बुटराड़ा जंक्शन तक जायजा लेकर फरवरी माह में हाईवे का निर्माण कार्य पूरा कराने की घोषणा की थी। निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर जितेंद्र बालियान ने बताया कि निर्माण कार्य आगामी 31 मार्च के बाद पूरा हो पाएगा।