शामली में दीपावली पर पटाखे जलाती युवतियां।
- फोटो : SHAMLI
कैराना/जलालाबाद (शामली)। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी दीपावली और गोवर्धन का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। जगह जगह गोबर का गोवर्धन बनाकर विशेष पूजा अर्चना की। अनकूट के भंडारे आयोजित करके प्रसाद वितरित किए गए।
कस्बे में दीपावली के शुभ अवसर पर लोगों ने अपने देव स्थानों पर पहुंचकर पूजा अर्चना की। शाम को सिद्धपीठ प्राचीन देवी मंदिर तालाब पहुंचकर मंदिरों में दीप प्रज्वलित किए। लोगों ने घरों में विशेष पूजा अर्चना कर एक दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दी। रात के समय जमकर आतिशबाजी की। दीपावली पर सजावट के लिए रंगीन झालरों, मिट्टी के खेल खिलौने, मिठाई की दुकानों, गिफ्ट की दुकानों पर जमकर खरीदारी हुई। कस्बे में सोमवार को क्षेत्र में गोवर्धन पूजन किया गया। मंदिरों में अन्नकूट भंडारे का आयोजन किया गया। चौक बाजार स्थित कटहरा धर्मशाला में अन्नकूट भंडारे में श्रद्धालुओं ने चावल कढ़ी, पूरी तथा खीर के प्रसाद का आनंद लिया।
उधर, जलालाबाद कस्बे में राधा कृष्ण मंदिर बौहरान, सनातन धर्म सत्संग भवन, राधा कृष्ण मंदिर गांधी चौक, रामरतन मंडी, पाल धर्मशाला आदि स्थानों पर अन्नकूट भंडारे आयोजित किए गए। जिसमें भगवान को भोग लगाकर अन्नकूट भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। बाबरी कस्बे में सनातन धर्म मंदिर- दुर्गा मंदिर के युवा कार्यकर्ताओं ने कढ़ी चावल, झंडा चौक व बाबरी के मेन बाजार में प्रसाद वितरण किया उधर, गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के जाफरपुर गांव में धनगर समाज की ओर से देव पितरों की याद में हवन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया। सोमवार को सर्वप्रथम देव पितरों पर पंडित बृजेश ने विधि विधान पूर्वक मंत्रोच्चार के साथ हवन कराया गया। देव पितरों पर फूल मालाएं पीली चादर कपड़े चढ़ाकर एवं प्रसाद चढ़ाकर अपने परिवार की सुख शांति के लिए मनोकामना मांगी। इस मौके पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।