कोरोना पॉजिटिव किशोर की मौत
शामली/बाबरी। बाबरी थानाक्षेत्र के एक गांव में कोरोना पॉजिटिव 11 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। किशोर को एक सप्ताह पहले खेलते हुए हाथ में चोट लग गई थी। उसका उपचार मेरठ के निजी अस्पताल में चल रहा था। गंभीर हालत में उसे मेरठ से चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया था। चंडीगढ़ ले जाते समय रास्ते में किशोर की मौत हो गई।
बाबरी क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोर एक सप्ताह पहले खेलते हुए पेड़ से गिरकर घायल हो गया था। उसके हाथ में फ्रेक्चर होने पर उसे पहले शामली के निजी अस्पताल में उपचार कराया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे मुजफ्फरनगर के निजी अस्पताल ले गए थे। वहां भी हालत में सुधार नहीं हुआ। हालत और बिगड़ने पर दो दिन पहले 14 जून को उसे मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां पर उसकी कोरोना की जांच के लिए सैंपल लिया गया था। हालत गंभीर होने पर मंगलवार को चिकित्सकों ने उसे चंडीगढ़ पीजीआई के लिए रेफर कर दिया था। चंडीगढ़ ले जाते समय रास्ते में किशोर की मौत हो गई। परिजन रास्ते से किशोर का शव लेकर घर लौट रहे थे, उसी दौरान देर शाम शामली के स्वास्थ्य विभाग को किशोर के सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने की जानकारी मिली। यह जानकारी मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची और किशोर के शव को गांव से बाहर रुकवा लिया। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि मंगलवार शाम को 11 वर्षीय किशोर की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई है। उसका उपचार मेरठ के निजी अस्पताल में चल रहा था। वहां से उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया था। रास्ते में ले जाते हुए किशोर की मौत हो गई। किशोर के सेँपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। परिजनों को इस बारे में सूचित कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम परिजनों की मौजूदगी में प्रोटोकॉल का पालन कराते हुए शव का अंतिम संस्कार कराएगी।