- पुल और एप्रोच रोड न बनने से पिछड़ा हाईवे निर्माण कार्य
- रेलवे पुलों का कार्य पूरा न होने से शामली बाईपास नहीं हो पाया चालू
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। एनएचएआई की ओर से निर्धारित जिले से गुजर रहे दो हाईवे के निर्माण की समय अवधि खत्म हो गई है। मेरठ-करनाल हाईवे और पानीपत-खटीमा हाईवे का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया। दोनों हाईवे का निर्माण पूरा होने में अभी छह माह और लगेंगे।
जिले से दिल्ली-सहारनपुर हाईवे, मेरठ-करनाल और पानीपत-खटीमा हाईवे गुजर रहे हैं। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बलवा, जंधेड़ी और रामपुर मनिहारन में रेलवे के उपरिगामी पुलों का कार्य अधूरा है। जिससे शामली में बाईपास पर और सहारनपुर में जंधेड़ी व रामपुर मनिहारन में आवागमन कार्य प्रभावित हो रहा है। रेलवे के उपरिगामी पुलों का निर्माण कार्य पूरा न होने के चलते मेरठ की निर्माण एजेंसी दिल्ली-सहारनपुर हाईवे को एनएचएआई को हैंडओवर नहीं कर पाई है।
दूसरी ओर, मेरठ-करनाल और पानीपत-खटीमा हाइवे का दूसरे फेस का निर्माण कार्य पूरा करने के लिए एनएचएआई बागपत इकाई की ओर से 31 मार्च तक का समय निर्धारित किया गया था। 31 मार्च 2023 का समय बीत गया है। हालांकि पानीपत-खटीमा हाईवे का प्रथम फेस पानीपत से लेकर बलवा गेट तक पूरा हो चुका है। दूसरे फेस में सदर तहसील के सामने सर्विस लेन और नाली का निर्माण कार्य अधूरा है। मुजफ्फरनगर जिले में पीनना बाईपास और अन्य कार्य भी अधूरा है।
मेरठ-करनाल हाईवे के बिडौली यमुना पुल की एप्रोच रोड, म्यान कस्बा, केरटू, अहमदगढ़, टपराना, मुंडेट कलां और गोहरनी में रेलवे उपरिगामी पुल के अलावा सहारनपुर रोड अंबा विहार से लेकर साईं धाम से आगे क्राॅस जंक्शन तक पेड़ों के कटान की अनुमति न आने से फोरलेन कार्य अधूरा पड़ा है। मेरठ-करनाल हाईवे का निर्माण पूरा होने में सबसे ज्यादा समय उपरिगामी पुलों में लग रहा है। इसी कारण से हाईवे का कार्य पिछड़ रहा है। पुलों का निर्माण कार्य पूरा होने में कम से कम छह माह लगेंगे। सबसे बाद में केरटू, म्यांन कस्बा, टपराना और शामली में रेलवे के उपरिगामी पुलों का निर्माण कार्य पूरा होगा।
दूसरी ओर, पानीपत-खटीमा हाईवे की निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर ग्रिजेश त्रिपाठी ने बताया कि अगले तीन माह में पानीपत-खटीमा हाईवे का प्रोजेक्ट पूरा हो जाएगा। दूसरी ओर, एडीएम संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दोनों हाईवे की निर्माण एजेंसी के अफसरों को बुलाकर दोनों प्रोेजेक्ट की समीक्षा करेंगे। दोनों प्रोजेक्ट जल्द पूरा करने के लिए दबाव बनाया जाएगा।
एप्रोच रोड का कार्य हो रहा है प्रभावित
मिट्टी न मिलने से बधेव-मुंडेट कलां के जंगल में पूर्वी यमुना नहर पुल के एप्रोच रोड का कार्य अधूरा है। पूर्वी यमुना नहर पुल और गोहरनी और शामली में रेलवे पुल की एप्रोच रोड का कार्य मिट्टी डालकर समय पर पूरा नही किया गया। मुंडेट कलां में नहर का पुल और गोहरनी में रेलवे पुल की एप्रोच रोड पर एक साल पहले मिट्टी डालकर तैयार की जा सकती थी। लेकिन निर्माण एजेंसी ने ऐसा नहीं किया।