कैराना। रविवार को मतगणना के चलते दिनभर प्रत्याशी समर्थकों की पब्लिक इंटर कालेज के बाहर भीड़ लगी रही। प्रत्याशियों के समर्थक रुझान जानने के लिए मतगणना स्थल के बाहर घूमते रहे। इस दौरान भीड़ अधिक होने पर पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को वहां से खदेड़ा।
रविवार को मतगणना शुरू होते ही पब्लिक इंटर कालेज के बाहर प्रत्याशियों के समर्थकों का जमावड़ा लग गया। भीड़ में शामिल लोग प्रत्याशियों के परिणाम जानने को इधर-उधर भटकते रहे। इस दौरान भीड़ अधिक होने के कारण पीएसी व बीएसएफ के जवानों ने लाठियां फटकार कर बैरियर के पीछे किया।
देर शाम तक पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर बैरियर के दोनों साइड लोगों का हुजूम लगा रहा। इस दौरान जीतकर बाहर आए प्रत्याशियों के समर्थकों ने जश्न मनाया, तो हारे हुए प्रत्याशी मुंह लटकाकर वहां से निकल गए।
29 बीडीसी सदस्यों को निर्वाचित घोषित
कैराना। पब्लिक इंटर कालेज में कैराना ब्लाक के चार जिला पंचायत और 89 क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के लिए हुई मतगणना में देर रात तक 29 बीडीसी सदस्यों को निर्वाचित घोषित किया गया। उधर छह चरणों की मतगणना केे बाद जिला पंचायत सदस्य पदों पर कांटे की टक्कर चल रही थी।
पब्लिक इंटर कालेज के दो हॉल में सुबह मतगणना के दौरान एजेंटों को उनके परिचय पत्र देखकर ही अंदर बुलाया जा रहा था। साढे़ आठ बजे 12 टेबिल पर मतगणना शुरू हुई। क्षेत्र पंचायत सदस्य का पहला नतीजा दोपहर तीन बजे घोषित किया गया। उसके बाद क्षेत्र पंचायत सदस्यों के नतीजे एक के बाद एक आते रहे। शाम सात बजे तक छह राउंड की मतगणना होने तक 29 बीडीसी प्रत्याशियों को निर्वाचित किया गया। इस दौरान मतगणना स्थल के आसपास पुलिस पीएसी के अलावा बीएसएफ के जवान मोर्चा संभाले रहे।
पानीपत खटीमा राजमार्ग को दोनों ओर बैरियर लगा कर पूरी तरह से मार्ग बंद कर दिया गया था। छह चरणों की मतगणना के बाद वार्ड 10 से पूर्व सांसद तबस्सुम बेगम, वार्ड नंबर 11 से अनुज चौहान, वार्ड नंबर 13 से अनिल चौहान की पत्नी सुषमा चौहान अपने निकटम प्रत्याशियों से आगे चल रही थी, जबकि वार्ड 12 से पूर्व प्रमुख वाजिद और संजीव की पत्नियों के बीच कांटे का मुकाबला बना हुआ है।