शामली। जिला पंचायत सदस्य व बीडीसी पदों के लिए रविवार को ब्रिगेडियर होशियार सिंह इंटर कालेज में सुबह करीब 50 मिनट देरी से मतगणना शुरू हुई। मतगणना के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। एक दो बार वोटों की गिनती को लेकर नोकझोंक भी हुई।
रविवार को ब्रिगेडियर होशियार सिंह इंटर कालेज में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना हुई। हालांकि मतगणना का समय सुबह साढ़े आठ बजे था, लेकिन आरओ आदि की टेबल लगाने में देरी हो गई, जिससे मतगणना करीब 50 मिनट देरी से प्रारंभ हुई। सुबह नौ बजकर 20 मिनट पर मतगणना शुरू हुई।
इस दौरान मतगणना स्थल के सामने सड़क के दोनों ओर बेरिकेडिंग लगाकर पूरी तरह से बंद कर पुलिस बल तैनात रहा। सुबह करीब नौ बजे डीएम ओपी वर्मा व एसपी विजय भूषण पहुंचे और उन्होंने प्रत्येक कक्ष का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा व्यवस्था देखी। डीएम ने बिना पास वाले किसी भी एजेंट को अंदर न आने के निर्देश दिए। बीडीसी प्रत्याशियों की गिनती के दौरान उनके एजेंट को लाउडस्पीकर पर आवाज देकर बुलाया गया।
इसके लिए एक स्पीकर बाहर गेट पर लगाया गया था। इन एजेंटों की गेट पर पुलिस द्वारा चेकिंग की गई। इस दौरान व्यवस्थाओं को बनाने में एसडीएम श्याम अवध चौहान, सीओ सिटी निशांक शर्मा, नायब तहसीलदार देवेंद्र पांडे मौजूद रहे।
मतगणना स्थल के बाहर रही भारी भीड़
सुबह से ही मतगणना स्थल के बाहर भारी भीड़ जमा थी। इस दौरान माजरा रोड पर बनी दुकानों की छतों पर भी बीडीसी प्रत्याशी व समर्थक बैठे हुए थे। पुलिस प्रशासन ने बीडीसी प्रत्याशियों व एजेंटों के अंदर प्रवेश पर रोक लगाई थी। उन्हें केवल वोट खुलने के दौरान ही अंदर आने दिया।
गिनती के दौरान हुई नोकझोंक
कमरा नंबर 14 में जिला पंचायत सदस्य पद के वार्ड 18 की गिनती के दौरान एक वोट को लेकर हंगामा हो गया। इस वोट में दो चुनाव चिह्नों के बीच में निशान लगा था, जिसे लेकर दोनों प्रत्याशियों के एजेंटों ने अपने पक्ष में करने के लिए जोर लगाया, लेकिन मतगणना कर्मियों ने उस वोट को कैंसल कर दिया।
वार्ड-19 से प्रत्याशी विक्रांत की भी पुलिसकर्मियों नोकझोंक हुई। वह कक्ष नंबर 13 में जा रहे थे, जहां से रोकने पर उनकी पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की हुई। बाद में मामला शांत करा दिया गया।