जलालाबाद (शामली)। मोहल्ला कोटला में निर्माणाधीन आवास में खाना बनाते समय घरेलू गैस सिलिंडर में आग लग गई। आग ने पास में रखे दो सिलिंडरों को भी चपेट में ले लिया। दोनों सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गए। एक महिला और दो बच्चे भी आग की चपेट में आकर झुलस गए।
मोहल्ला कोटला में वसीम का प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बन रहा है। अभी इस पर लिंटर नहीं पड़ा। परिवार छप्पर डालकर रह रहा है। शनिवार सुबह निर्माणाधीन मकान में वसीम की पत्नी महरुन्निशा खाना बना रही थी। गैस का पाइप लीकेज होने से सिलिंडर ने आग पकड़ ली। आग बुझाने की कोशिश में महरुन्निशा झुलस गई। घर में मौजूद अनस और फिरोज भी झुलस गए। आग से घर का सामान और लगभग 50 हजार रुपये जल गए। आग ने पास में ही रखे दो अन्य गैस सिलिंडरों को भी चपेट में ले लिया, जबकि एक सिलिंडर को आसपास के लोगों ने खींचकर दूर फेंक दिया। दो सिलिंडर तेज धमाके के साथ फटे और उनके टुकड़े पास के स्कूल मैदान में जाकर गिरे।
धमाके और आग से मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। निर्माणाधीन मकान की दीवारों में दरार आ गई तथा पास के मकानों की छत पर रखी लकड़ियों में भी आग लग गई। नगर नगर पंचायत के पानी के टैंकर से पानी का छिड़काव कर, रेत डालकर आग पर काबू पाया गया। सिलिंडर फटने से धमाका इतनी तेज हुआ कि पूरे कस्बे में उसकी गूंज सुनाई दी। सूचना के एक घंटे बाद अग्निमशन की गाड़ी मौके पर पहुंची। तब तक स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया था। वसीम ने जिला प्रशासन से आग से हुए नुकसान को मुआवजा दिलाने की मांग की है।
कोट
कस्बे के मोहल्ला कोटला में खाना बनाते समय गैस सिलिंडर में आग लग गई थी। पास में रखे पांच किलो का गैस सिलिंडर भी आग के प्रभाव में आ गया। इससे दोनों सिलिंडर फट गए। तत्काल थानाभवन पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया है कि सिलिंडर से गैस लीक होने के कारण आग लगी थी। - नित्यानंद राय, एसपी
जलालाबाद के मोहल्ला कोटला में घरेलू गैस सिलेण्डर फटने से घर में जला पडा समान- फोटो : SHAMLI
जलालाबाद के मोहल्ला कोटला में जला पडा गैस सिलेण्डर- फोटो : SHAMLI
जलालाबाद के मोहल्ला कोटला में जला पडा गैस सिलेण्डर- फोटो : SHAMLI
जलालाबाद के मोहल्ला कोटला में घरेलू गैस सिलेण्डर फटने से घर में लगा आग को बुझाते लोग- फोटो : SHAMLI