शामली। दीपों की जगमगाहट के साथ त्योहारों की रौनक अब ढलने लगी है, लेकिन बाजारों में अब नई चहल-पहल लौट आई है। देवोत्थान एकादशी के साथ ही विवाह पर्वों का शुभारंभ होने जा रहा है। एक नवंबर को भगवान विष्णु के जागने के साथ शहनाइयों का सिलसिला शुरू हो जाएगा, जो 16 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान करीब 13 शुभ मुहूर्त पड़ रहे हैं।
व्यापारियों के अनुसार, एकादशी के दिन ही जनपद में लगभग 150 विवाह समारोह होने का अनुमान है। हर शादी में औसतन 10 लाख रुपये का खर्च होता है, ऐसे में केवल दो दिनों में करीब 15 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है। शहर के सभी होटल, विवाह मंडप और कैटरिंग बुक हो चुके हैं। जिनके रिश्ते देर से तय हुए हैं, वे अब टेंट हाउस, बैंडबाजा और हलवाई के चक्कर लगा रहे हैं।
बरातघर फुल, पार्क बने वैवाहिक स्थल
कैराना रोड स्थित होटल और बरातघर संचालकों के अनुसार, शादियों के लिए अधिकतर बुकिंग तीन महीने पहले ही पूरी हो चुकी है। अब लोग शादी के लिए घरों के पास खाली मैदान या पार्कों में व्यवस्था करने की तैयारी कर रहे हैं। विवाह मंडप संचालक राहुल और कपिल ने बताया कि इस सीजन में अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
बैंड-बाजा और डीजे में जोरों पर तैयारी
त्योहारों के दौरान जिन डीजे और बैंड के उपकरण खराब हुए, उनकी अब मरम्मत कराई जा रही है। साउंड संचालक मनीष बताते हैं कि इस बार हाई-बास साउंड सिस्टम की मांग अधिक है। बैंड संचालक अपने वाद्ययंत्रों की पॉलिश और मरम्मत में जुटे हैं ताकि सहालग में पूरी चमक के साथ प्रस्तुति दी जा सके।
दुल्हा-दुल्हन की तैयारी, ब्यूटी पार्लरों में एडवांस बुकिंग
वर-वधू को सजाने के लिए ब्यूटी पार्लरों ने विशेष पैकेज तैयार किए हैं। अधिकांश जगह एडवांस बुकिंग हो चुकी है। संचालिका रश्मि ने बताया कि पार्लरों में आठ से 20 हजार रुपये तक के पैकेज रखे गए हैं। वहीं कॉस्मेटिक कारोबारी ऋषभ ने बताया कि ब्रांडेड सौंदर्य उत्पादों की मांग कई गुना बढ़ गई है।
खरमास से पहले रहेंगे 13 शुभ मुहूर्त
पंडित तपेश्वर दत्त शर्मा के अनुसार, एक नवंबर की सुबह 9.12 से दो नवंबर की सुबह 7.32 तक एकादशी रहेगी। इस माह 18, 22, 23, 24, 25, 26, 27, 29 और 30 नवंबर समेत नौ शुभ मुहूर्त रहेंगे। दिसंबर में चार, 10 और 11 तारीख को विवाह के शुभ योग रहेंगे। 16 दिसंबर से खरमास शुरू होने के बाद विवाह कार्य रुक जाएंगे, जो फिर फरवरी में दोबारा शुरू होंगे।
लहंगे और शेरवानी की खरीद के लिए बढ़ी भीड़
त्योहारों के बाद बाजारों में अब लहंगे, शेरवानी और ज्वैलरी की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। खासतौर पर रानी और लाल रंग के लहंगे युवतियों की पहली पसंद बने हुए हैं। कबाड़ी बाजार, कैराना रोड और मुख्य चौक पर बृहस्पतिवार को खूब रौनक रही।