कैराना मेें कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान पर यमुना में स्नान करते श्रद्धालू-संवाद
कैराना। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने यमुना के पवित्र जल में स्नान किया। लोगों ने ब्राहमणों को दान दक्षिणा के साथ ही यमुना मैया में दीपदान किया। इस दौरान भगवान विष्णु व महादेव की पूजा अर्चना करके परिवार की सुख शांति के लिए प्रार्थना की गई, वहीं यमुना तट पर लगे मेले में बच्चों व बड़ों ने जमकर खरीदारी की।
बुधवार को कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान के अवसर पर सुबह पांच बजे से ही हरियाणा की तरफ यमुना तट पर श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। लोगों ने यमुना के पवित्र जल में स्नान करने के बाद ब्राह्मणों को दान दक्षिणा, वस्त्र व मिष्ठान भेंट किए।इसके अलावा यमुना मैया में दीपदान किया गया। श्रद्धालुओं ने परिवार की खुशहाली के लिए भगवान विष्णु व महादेव शंकर की पूजा अर्चना की। यमुना तट पर परिवार के साथ दीपदान कर रहे गांव भूरा निवासी बलराम ने बताया कि वह साल गंगा स्नान पर परिवार के साथ यमुना में स्नान करने आते हैं। यमुना मैया की कृपा से उनका परिवार खुशहाल है। वहीं यमुना तट पर लगे मेले में बच्चों ने खेल खिलौनों की खरीदारी की। वहीं, कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान पर यमुना तट पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यमुना नदी में प्रशासन की ओर से लोहे की जाली से युक्त बेरिकेडिंग कराई गई थी। इसके बावजूद यमुना नदी पर एक दर्जन से अधिक प्राइवेट गोताखोर व पीएसी की यूनिट दो मोटर बोट के साथ तैनात रही। वे श्रद्धालुओं को पानी में अंदर नहीं जाने की चेतावनी देकर सतर्क करते रहे।