शामली। देवोत्थान एकादशी से शादियों का सीजन शुरू हो गया है। रविवार को भी जिलेभर में लगभग 200 जोड़ों की शादी हुई। दिन और रात डीजे और बैंडबाजों की धूम रही और बरातियों ने जमकर डांस किया। इससे मंडपों के बाहर वाहनों का जाम लगा रहा। जाम में फंसे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
शनिवार को देवोत्थान एकादशी से शादी विवाह का सहालग शुरू हो गया। दूसरे दिन रविवार को भी शहर में 200 से अधिक जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। लोग डीजे, शहनाई और बैंड के साथ ढोल की थाप पर शादियों में जमकर थिरके। शाम के समय बैंडबाजों की धुन पर लाइटों से शहर जगमगा उठा। बैंडबाजा, डेकोरेशन व मंडपों में बुकिंग फुल रही। महंगाई के कारण शादी समारोह पर खर्च बढ़ा, जबकि बाजार में खरीदारी से व्यापारियों के चेहरे खिले रहे। शहर के कैराना रोड, सहारनपुर रोड, दिल्ली रोड, मेरठ रोड, टंकी रोड, माजरा रोड पर विवाह मंडपों के बाहर चढ़त के दौरान बराती नाचते-गाते रहे, जिस कारण बार-बार शहर में जाम की स्थिति बनी रही। यातायात व्यवस्था को सुचारु कराने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
-ब्यूटी पार्लरों में भी सजने-संवरने का चला दौर
शहर के बड़ा बाजार, नया बाजार, कबाड़ी बाजार स्थित ब्यूटी पार्लरों में दिनभर और शाम तक दूल्हा व दुल्हनों के संजने-संवरने का दौर चलता रहा। दोपहर से मेकअप के लिए युवतियां आनी शुरू हो गईं। संचालिका रश्मि व अनिता ने बताया कि खूब बुकिंग चल रही है। उन्होंने बताया कि इस बार अच्छा कारोबार रहने की उम्मीद है। सात से 21 हजार रुपये में मेकअप किया जा रहा है।
-दुल्हनों के लिए खूब सजी गाड़ियां
शादी का सीजन शुरू होते ही फूलों के बाजार में भी रौनक लौट आई है। सुबह से लेकर देर रात तक फूलों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। बरात की गाड़ियां, मंडप, स्टेज और घरों की सजावट के लिए लोग अलग-अलग डिजाइन और फूलों की डिमांड करते नजर आए। गुलाब, गेंदा, ऑर्किड, लिली और जरबेरा जैसे फूल सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। शहर के नाला पटरी स्थित दुकानों पर गाड़ियों की सजावट के दाम डिजाइन और फूलों की क्वालिटी के अनुसार तय किए जा रहे हैं। फूल विक्रेता राहुल व सोनू ने बताया कि साधारण सजावट एक हजार से शुरू होती है, जबकि आकर्षक थीम वाली सजावट के लिए पांच हजार रुपये से आठ हजार रुपये तक लिए जा रहे हैं।