कैराना। आगामी त्योहार छठ पूजा के मद्देनजर डीएम अरविंद चौहान व एसपी एनपी सिंह ने यूपी हरियाणा बॉर्डर स्थित यमुना घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शनिवार दोपहर डीएम व एसपी छठ पूजा के मद्देनजर यमुना ब्रिज पुलिस चौकी स्थित यमुना घाटों का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान दोनों अधिकारियों द्वारा छठ पूजा के अवसर पर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं अधिकारियों ने कहा कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समन्वय स्थापित करते हुए निर्बाध एवं शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार संपन्न कराने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम निधि भारद्वाजव अन्य अधिकारी मौजूद रहे।