शामली। सितंबर और अक्तूबर में बार-बार बारिश होने से गन्ने की रिकवरी कम आने के कारण जिले की चीनी मिलों का पेराई सत्र पिछड़ रहा है। थानाभवन चीनी मिल ने पांच नवंबर से पेराई सत्र शुरू करने का दावा किया है, जबकि शामली और ऊन चीनी मिल दीपावली के बाद चालू होने की उम्मीद है।
पिछले साल थानाभवन चीनी मिल तीन नवंबर, शामली मिल पांच नवंबर और ऊन मिल 11 नवंबर को चालू हुई थी। इस बार खराब मौसम के कारण गन्ने में रिकवरी कम आने से मिलों को पेराई शुरू करने में देरी हो रही है। थानाभवन चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक लेखपाल सिंह ने बताया कि मिल पांच नवंबर से चालू होगी। मिल में मरम्मत का काम पूरा हो गया है और सभी 72 गन्ना खरीद केंद्र स्थापित कर दिए गए हैं।
ऊन चीनी मिल के यूनिट हेड कुलदीप पिनानियां ने बताया कि मिल का पेराई सत्र 10 नवंबर के बाद शुरू होने की उम्मीद है। शामली चीनी मिल के यूनिट हेड संजय कुमार शर्मा ने बताया कि बारिश के बाद गन्ने की रिकवरी कम आने के कारण पेराई शुरू करने में देरी हो रही है। संवाद