भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि भारत सरकार सीमा पार आतंकियों के ठिकाने और हवाई अड्डों को नेस्तनाबूद करें। सेना की तरह सीआरपीएफ के जवानों को भी शहीद का दर्जा देकर सभी सुविधाएं प्रदान करें।
मंगलवार को पुलवामा में सीआरपीएफ के शहीद जवान अमित कुमार और प्रदीप बनत के आवास पर पहुंचे भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने दोनों को श्रद्धांजलि अर्पित की। परिजनों को सांत्वना देकर कहा कि भाकियू शहीदों के परिवार की साथ खड़ी है। पुलवामा में आतंकी हमले से पूरे देश में गुस्सा है। देश का हर आदमी चाहता है कि आतंकवादियों के ठिकाने का सफाया किया जाए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान रोज सीजर फायर का उल्लंघन कर रहा है। देश अहिंसा का पुजारी बना बैठा है। देश की सीमा पर सेना भी आतंकी व पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दें। हालत को देखते हुए केंद्र सरकार से धारा 370 को समाप्त करने की मांग की है। उन्होंने सेना की तरह सीआरपीएफ के जवानों को भी दर्जा देकर सुविधा प्रदान की जाएं। इस मौके पर भाकियू प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप पंवार, सतपाल पहलवान, पुष्पेंद्र डायरेक्टर, सुरेंद्र आर्य, गुड्डू बनत, प्रमोद टपराना, संजीव राठी मौजूद रहे।
आतंकी हमले के विरोध में धरना देगी भाकियू
शामली। पुलवामा में आतंकी हमले के विरोध में भाकियू प्रदेश भर के जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करते हुए डीएम को ज्ञापन देगी। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बताया कि जल्द ही प्रदेश के सभी जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन की तिथि घोषित की जाएगी।