शामली सब्जी मंडी में सब्जी की खरिदारी करते लोग
- फोटो : SHAMLI
लॉकडाउन में छूट मिलते ही दुकानों पर लगी भीड़, फिर पसरा सन्नाटा
शामली। कोरोना संक्रमण से फैलने से बचाव के लिए लागू लॉकडाउन सुबह को जरूरी सामान खरीदने के लिए तीन घंटे की छूट के दौरान लोगों की दुकानों पर भीड़ लग रही है। लॉकडाउन की छूट खत्म होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है।
लॉकडाउन में सुबह साढ़े छह से साढ़े नौ बजे तक राशन, दूध, सब्जी आदि जरूरी सामान की दुकानें खुलने का समय निर्धारित है। रोज की तरह मंगलवार को भी लॉकडाउन में छूट का समय शुरू होते ही जहां जरूरी सामान की दुकानें खुल गई वहीं लोग भी घरों से निकलकर दुकानों पर पहुंचने शुरू हो गए। कई स्थानों पर दुकानों के बाहर लॉकडाउन का पालन न करते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल नहीं रखा गया तो कहीं पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए दूरी बनाकर सामान खरीदा गया। नाला पटरी, कैराना रोड और शिव चौक के निकट सब्जी की दुकानों पर लोगों की ज्यादा भीड़ रही। इसके अलावा राशन की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ लगी रही। लॉकडाउन का पालन कराने के लिए बाजारों से लेकर चौराहों पर पुलिस तैनात रही। सीओ और कोतवाल भी इस दौरान गश्त करते रहे। लॉकडाउन की छूट की समय सीमा खत्म होते ही दुकानें बंद हो गई और लोगों के घर पहुंचने के बाद सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।
शामली में लॉकडाउन के दौरान सुनसान पडी सडक- फोटो : SHAMLI