शामली के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के किरोड़ी मोड़ पर एक नलकूप के खुलेे अहाते में युवक की ईंट से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। शनाख्त न हो सके, इसके लिए शव जला दिया गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने वारदात के बारे में सुबूत जुटाए। मौके से करीब दो हजार और 500 के नोट जले हुए नोट भी मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि रंजिशन में हत्या की गई है।
आदर्श मंडी थाना पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह सूचना मिली कि सहारनपुर रोड पर किरोड़ी मोड़ के पास नलकूप के अहाते में एक युवक का शव पड़ा है। सीओ सिटी, इंस्पेक्टर आदर्श मंडी सहित थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 35-40 के बीच है। चेहरे को ईंट पत्थरों से बुरी तरह कुचला गया था। चेहरे के नीचे भी चोट के कई निशान थे। उसकी ईंट से पीटकर से हत्या की गई है। चेहरे पर एक निशान भी मिला है, जिससे इस बात की भी संभावना है कि उसे गोली भी मारी गई है। हत्या के बाद पहचान छिपाने को चेहरे और शव के बाकी हिस्सों को जलाया दिया गया था। मौके से पुलिस को 15 हजार रुपये भी बरामद हुए। इनमें दो हजार के 3 और 500 के 18 नोट भी मिले हैं। कई नोट अर्ध जली हालत में थे।
पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों केे बुुलाकर शव की शनाख्त कराने के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। शव भी काफी जल चुका था। पुलिस ने मौके से खून से सनी ईंट और मिट्टी का नमूना लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ अशोक सिंह ने बताया कि खेत मालिक की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एसपी अजय कुमार के मुताबिक प्रथम दृष्टया से हत्या का मामला लग रहा है। शनाख्त छिपाने को शव को जलाया गया है। शव के फोटो आदि से उसकी शनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। फोरेंसिक टीम ने भी जांच की है।
नलकूप से मिले नमक, मसाले के पैकेट
पुलिस को नलकूप से नमक ओर मसाले के पैकेट मिले हैं। इनमें दो पैकेट दिल्ली की एक कंपनी के हैं। पुलिस ने इन्हें भी कब्जे में ले लिया है। इंस्पेक्टर आदर्श मंडी का कहना है कि ये पैकेट पास में ही एक फैक्ट्री की लेबर आदि के रखे होंगे। लेबर वाले ही अक्सर यहां आकर पार्टीबाजी करते हैं। जांच की जा रही है।
शराब पिलाकर, मुर्गा खिलाकर की हत्या
शामली। युवक की हत्या के मामले में पुलिस का कहना है कि शव के पोस्टमार्टम में पेट के अंदर शराब और मुर्गे का मीट मिला है। आदर्श मंडी थानाध्यक्ष सुनील सहरावत ने बताया कि इससे संभावना है कि मृतक और हत्यारे एक दूसरे से अच्छी तरह से परिचित थे। संभावना है कि उन्होंने पहले साथ बैठकर खाया पिया होगा और इसके बाद आरोपियों ने युवक को यहां लाकर उसकी हत्या की। कई तथ्यों के आधार पर पुलिस इस घटना को रंजिश में होना मान रही है। पहली वजह यह है कि युवक की हत्या ईंट से पीटकर बेहरमी से की गई है। चेहरा भी कुचला गया है। इतनी बेहरमी से हत्या केवल रंजिश या गुस्से में ही की जाती है। संभावना है कि हत्यारे काफी गुस्से में थे और पूूरी प्लानिंग से यहां लाकर मारा गया है। दूसरी वजह यह है कि मृतक चेहरा जलाया गया है। ऐसा तभी संभव होता है जब हत्यारे परिचित हों क्योंकि उन्हें ही डर रहता है कि शनाख्त होने पर पुलिस के हाथ उन तक पहुंच न जाए। लूटपाट की घटनाओं में बदमाशों को शिनाख्त का डर नहीं होता। तीसरी वजह, शव के पास अर्ध जली हालत में दो हजार और 500 के कुल 15 हजार रुपये मिले हैं । यदि ये हत्या लूटपाट के लिए हुई होती तो आरोपी इतनी रकम को छोड़ते नहीं। हत्या के बाद ये रुपये लूटकर ले जाते।
हत्या में कई लोग रहे शामिल
मृतक की कद काठी काफी मजबूत और ताकतवर थी। ऐसे में वो एक या दो लोगों के काबू में आने वाला नहीं है। आशंका है कि हत्या करने में दो से अधिक लोग शामिल रहे होंगे। जिन्होंने युवक को पकड़कर मारा होगा।
हरियाणा से जुड़ा हो सकता है केस
युवक का मजबूत शरीर देख पुलिस को आशंका है कि ये शव हरियाणा के किसी व्यक्ति का भी हो सकता है। इस तरह की कद काठी के लोग वहां रहते हैं। हरियाणा का पानीपत और करनाल जिला भी यहां से जुड़ा है। इंस्पेक्टर आदर्श मंडी भी इसकी आशंका जता रहे हैं।