गढ़ीपुख्ता। क्षेत्र के गांव में विवाहिता फांसी के फंदे पर लटकी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मायका पक्ष ने आरोप लगाया कि बच्चा नहीं होने पर ससुरालियों ने विवाहिता की फांसी लगाकर हत्या की है। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया है।
क्षेत्र के गांव बूंटा निवासी मुजम्मिल की शादी करीब दस साल पूर्व थानाभवन के गांव मसावी निवासी शबाना (30) के साथ हुई थी। बुधवार की सुबह शबाना का शव घर के एक कमरे में फांसी पर लटका मिला। विवाहिता की मौत की सूचना पूरे गांव में फैल गई। इस दौरान किसी ने शबाना के मायके वालों को भी सूचना दे दी। सूचना मिलते ही वह भी घटनास्थल पर पहुंच गए। शबाना के शव को देख परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि शबाना की शादी को दस साल हो चुके थे, लेकिन उसे कोई औलाद नहीं हुई थी। इसी के चलते ससुराली वाले आए दिन उसे ताने देते रहते थे और मारपीट करते थे।
आरोप है कि ससुरालियों ने शबाना को फांसी लगाकर मार दिया। इसके अलावा मृतका के मायके वालों से दो लाख रुपये की मांग भी की जा रही थी। मायके वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। मृतका के भाई दिलशाद ने पति समेत तीन के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। गढ़ीपुख्ता एसओ अमरदीप लाल ने बताया कि मृतका के परिजनों की तहरीर पर पति, सास और ससुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।