कांधला मे व्यापारी आदेश सैनी के आवास पर पहुंचे सासंद हुकुम सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
कांधला। कैराना से भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने कांधला में ईंट भट्ठा व्यवसायी आदेश सैनी के घर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। परिजनों को ढांढस बंधाया और केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं, पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर वारदात का शीघ्र खुलासा कराने की मांग की।
कस्बा कांधला के मोहल्ला मिर्दगान निवासी ईंट भट्ठा व्यवसायी आदेश सैनी का शव शनिवार को जनपद बागपत के गांव बसौली के जंगल में पड़ा मिला था। बदमाशों ने गोलियां बरसाकर आदेश सैनी की हत्या कर दी थी। आदेश सैनी के भाई तरुण सैनी उर्फ सोनू ने रमाला थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। शनिवार शाम आदेश सैनी का शव कांधला लाने के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया था।
उधर, रविवार को कैराना से भाजपा सांसद हुकुम सिंह व्यापारी आदेश सैनी के आवास पर पहुंचे।
उन्होंने कहा कि बिगड़ती कानून व्यवस्था के कारण आए दिन क्राइम का ग्राफ बढ़ रहा है। व्यापारी से लेकर आम आदमी तक कोई सुरक्षित नहीं है। उन्होंने रमाला सीओ से फोन पर वार्ता कर वारदात के शीघ्र खुलासे की मांग की। सांसद हुकुम सिंह के मुताबिक रमाला सीओ ने बताया कि वारदात को लेकर पुलिस गंभीर है, खुलासे को तीन टीमें लगाई गई हैं।
सर्विलांस और मैन्युअल मुखबिर तंत्र के जरिये बदमाशों का पता लगाया जा रहा है। इस दौरान नरेश सैनी, अरविंद सैनी, देवेंद्र, अमित, तरुण, रामनिवास और बालेश्वर आदि मौजूद रहे ।