चौसाना (शामली)। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गांव गढ़ी हसनपुर में शरारती तत्वों ने दुर्गा मंदिर परिसर में घुसकर शिवलिंग खंडित कर फिजा को खराब करने की कोशिश की। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। पुलिस अधिकारियों ने घटना की जानकारी लेते हुए ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर उनके गुस्से को शांत किया।
गढ़ी हसनपुर स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में शिवरात्रि के त्योहार से ठीक एक दिन पहले शिवलिंग को खंडित करने के पीछे शरारती तत्वों की माहौल बिगाड़ने की साजिश भी हो सकती है। चौसाना क्षेत्र के गांव गढ़ी हसनपुर स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर मेें रात में कोई चौकीदार अथवा पुजारी नहीं रहता है। बुधवार सुबह पुजारी उमेश शर्मा मंदिर में पहुंचे, तो शिवलिंग को खंडित देखकर दंग रह गए। पुजारी ने सूचना ग्रामीणों को दी।
चौकी प्रभारी अवधेश शर्मा भी मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों को भरोसे में लेकर एक पुलिसकर्मी मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष के साथ हरिद्वार भेजकर दूसरा शिवलिंग मंगवाने के लिए भेज दिया। बुधवार सुबह जब लोगों को घटना के बारे में पता चला, तो लोगों में रोष व्याप्त हो गया था। गनीमत रही कि समय रहते पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा बुझाकर शांत कर लिया।
इसके बाद ग्रामीणों के साथ ही मंदिर समिति के पदाधिकारियों को भरोसे में लेकर दूसरा शिवलिंग स्थापित करने में जुट गए। उधर, इसी दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, सीओ कैराना राजेश तिवारी और थानाध्यक्ष झिंझाना राजकुमार शर्मा भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर कार्रवाई का भरोसा दिया। एएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।