शामली के कैराना में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने विवाहिता के ऊपर केरोसिन डालकर आग लगा दी। चीख पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने महिला को अस्पताल में भिजवाया। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सहारनपुर जिले के गांव मानक मऊ निवासी लियाकत की पुत्री नजराना का निकाह 15 मई 2016 को कैराना क्षेत्र के गांव बसेड़ा निवासी इस्तखार के साथ हुआ था। लियाकत ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसकी पुत्री से बाइक और 50 हजार रुपये की मांग करते थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। दो माह पूर्व ससुराल वालों ने उसकी पुत्री पीटकर घर से निकाल दिया। जिम्मेदार लोगों के समझाने पर 10 अप्रैल को ससुराल वाले उसकी पुत्री को बसेड़ा लेकर आ गए।
सोमवार सुबह नजराना नमाज पढ़ कर सो गई तो उसके पति इस्तखार, ससुर वकील, सास रुकसाना ने उसके ऊपर केरोसिन डाल कर आग लगा दी। आग लगने के बाद उसकी बेटी चीखती चिल्लाती घर से बाहर आ गई तो मोहल्ले वालों ने किसी तरह आग बुझा कर उसे शामली अस्पताल पहुंचाया। उसकी बेटी आग से 90 प्रतिशत जल गई है। जिस कारण उसे शामली से दिल्ली रेफर कर दिया है। पड़ोसियों ने फोन पर उसकी बेटी को जलाए जाने की जानकारी दी। कोतवाली प्रभारी राज कुमार शर्मा ने बताया की मामले में हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा।