शामली के थानाभवन में बाइक सवार युवकों और ट्रक चालक के बीच मारपीट के बाद संदिग्ध हालात में ट्रक में आग लगने पर हुए बवाल में पुलिस ने 22 नामजद और 250 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं, एक रिपोर्ट ट्रक चालक, एक बाइक सवार युवकों और चौथी एफआईआर कार सवार की तरफ से दर्ज कराई गई है। सभी मामलों में पुलिस विवेचना करने में लगी है।
कस्बा थानाभवन के नई घास मंडी में ट्रक से बाइक में साइड लगने को लेकर बुधवार शाम मारपीट हो गई थी। उधर, बृहस्पतिवार को इस मामले को लेकर एसआई वेदपाल सिंह की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई ,जिसमें अजीम पुत्र समीम, नदीम पुत्र नसीम, फईम पुत्र नसीम, नसीम पुत्र छीमू, हारूण पुत्र फाजा, अकरम पुत्र बबला, महबूब, मुनीर, समीर पुत्र अकबर, शहजाद पुत्र मुनफैत, घडा मौटा पुत्र सईद, मुजम्मिल पुत्र दिलशाद, रिजवान पुत्र रईस, खालिद पुत्र जिंदा, सादाब पुत्र समीम, अनस पुत्र यासीन, अकबर, रिजवान पुत्र यासीन, सलमान पुत्र सीदू, अकरम पुत्र काला, अज्ञात पुत्र मोबीन को नामजद और करीब 250 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। आरोपियों के खिलाफ बलवा, सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित सात क्रिमिनल एक्ट लगाया गया है। इसी केस में श्रवण सैनी की तरफ से दी गई तहरीर भी सम्मिलित की गई है।
इन लोगों की तरफ से भी हुई रिपोर्ट :-
नानौता के गांव दरियाव निवासी अभिजीत पुत्र राम सिंह ने 60 उपद्रवियों द्वारा मार्ग पर उनकी कार रोककर तोड़फोड़ कर महिलाओं व बच्चों को पीटने और दहशत फैलाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई। ट्रक चालक अजीम पुत्र नसीम निवासी मोहल्ला खैल की तरफ से विपुल, नवीन, जितेंद्र, ब्रजपाल, अर्जुन ओमा बढ़ई के खिलाफ मारपीट करने तथा ट्रक में आग लगाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसके अलावा थानाभवन कस्बा निवासी विपुल की तहरीर पर ट्रक चालक अजीम, नदीम और फहीम को नामजद किया गया है।
नफरत की चिंगारी में सुलगा थानाभवन
थानाभवन (शामली)। ट्रक की साइड लगने से शुरू हुए विवाद के कारण नफरत की चिंगारी सुलग गई। ट्रक फूंकने के बाद भड़की एक संप्रदाय की भीड़ बुधवार की रात पूरी तरह से अराजकता पर उतर आई। भीड़ ने वाहनों में तोड़फोड़ करने के साथ ही कई दुकानों के शटर उखाड़ने की कोशिश की। इस घटना से क्षेत्र में दहशत पसरी हुई है। तनाव के मद्देनजर प्रशासन ने एहतियातन फोर्स तैनात कर दी है।
बुुधवार की रात थानाभवन के नई घास मंडी में ट्रक से एक बाइक में साइड लगने को लेकर विवाद हो गया था।
कुछ ही देर बाद ट्रक में आग लग गई थी। इसमें ट्रक में भरा शादी का सामान जल गया था। इसको लेकर कस्बे में दो समुुदायों में तनाव हो गया था। सूचना पर एसपी समेत फोर्स मौके पर पहुंच गई। ट्रक में लगी आग के बाद गुस्साए लोगों ने देर रात जमकर उपद्रव मचाया। आसपास के मकानों और दुकानों के दरवाजों को तोड़ने की कोशिश की गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने भड़की भीड़ पर लाठियां फटकार कर खदेड़ा। इसके बाद एक संप्रदाय के लोगों ने शामली की ओर से नानौता जा रही कार में तोड़फोड़ की। कार में सवार महिलाओं से अभद्रता की गई। कार सवार लोगों ने बमुश्किल थाने में घुसकर जान बचाई। इस घटना को लेकर दोनों समुदायों में तनाव बरकरार है। सुरक्षा के लिहाज से कस्बे में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
थाने में दी गई कार्रवाई के लिए तीन तहरीर
इस प्रकरण में दोनों समुदायों की ओर से एक दूसरे के विरुद्घ तीन तहरीर दी गई है। ट्रक में आग लगाने का आरोप लगाते हुए मोहल्ला खैल निवासी अजीम पुत्र नसीम दूसरे समुदाय के पांच लोगों के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्यवाही की मांग की। वहीं, दूसरी ओर बृहस्पतिवार को नई घास मंडी निवासी सरदार कृष्ण सिंह ने दो दर्जन लोगों के खिलाफ मकान व दुकान के दरवाजे तोड़कर किराएदार नवीन आरोरा के साथ मारपीट करके दुकान में तोड़फोड़ करने व कीमती सामान लूटने का आरोप लगाते हुए तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की। तीसरी तहरीर नानौता के दरयाव गांव निवासी सन्नी ने कार में तोड़फोड़ करने व जान से मारने का प्रयास करने के मामले में अज्ञात पचास-साठ लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने सभी तहरीरों को लेकर जांच प्रारंभ कर दी।
थाना प्रभारी एमएस गिल ने बताया तहरीर मिल गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। किसी को भी कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-एमएस गिल, थाना प्रभारी थानाभवन